साहिबगंज महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की प्रकरण में फंसे एसआई एसके कनौजिया सस्पेंड
झारखंड के साहिबगंज की महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार हुए पश्चिमी सिंहभूम के टोकलो थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर शिव कुमार कनौजिया को चाईबासा एसपी अजय कुमार लिंडा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
चाईबासा, जासं। Rupa Tirky Suicide case in sahibganj झारखंड के साहिबगंज की महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार हुए पश्चिमी सिंहभूम के टोकलो थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर शिव कुमार कनौजिया को चाईबासा एसपी अजय कुमार लिंडा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही साथ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
शिव कुमार कनौजिया 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर हैं। पश्चिमी सिंहभूम जिला में प्रोबेशन के दौरान वो गुवा थाना में भी काम कर चुके हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 9 मई को साहिबगंज एसपी कार्यालय से सब इंस्पेक्टर शिव कुमार कनौजिया की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी दी गयी थी। उक्त पत्र के आलोक में कनौजिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसे स्पष्टीकरण किया जाएगा। फिलहाल विभागीय कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू की गयी है।
मोबाइल से खुले राज
यहां बता दें कि साहिबगंज की महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की और बैचमेट शिव कुमार कनौजिया के बीच काफी दिनों से प्रेम संंबंध थे। रूपा तिर्की शिव से शादी करना चाहती थी लेकिन वो इसके लिए तैयार नहीं हो रहा था। इसी वजह से तनाव में आकर रूपा तिर्की ने 3 मई को अपने साहिबगंज स्थित सरकारी आवास में गले में रस्सी का फंदा डालकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आयी कि आत्महत्या वाले दिन रूपा के मोबाइल पर अंतिम कॉल शिव कुमार कनौजिया का ही आया था। इसके बाद साहिबगंज पुलिस ने मोबाइल की पड़ताल की तो सारे राज खुल गये।