जल्द शुरू होगी जमुना टुडू पर बनने वाली बायोपिक की शूटिंग, जानिए कौन है जमुना
jamuna Tudu Biopic. जंगल बचाओ आंदोलन के कारण क्षेत्र में लेडी टार्जन के नाम से मशहूर पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित पर्यावरण कार्यकर्ता जमुना टुडू पर बनने वाली फिल्म की शूटिंग जल्द ही घाटशिला एवं चाकुलिया क्षेत्र में शुरू हो जाएगी।
चाकुलिया, जासं । जंगल बचाओ आंदोलन के कारण क्षेत्र में लेडी टार्जन के नाम से मशहूर पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित पर्यावरण कार्यकर्ता जमुना टुडू पर बनने वाली फिल्म की शूटिंग जल्द ही घाटशिला एवं चाकुलिया क्षेत्र में शुरू हो जाएगी। इसके लिए फिल्म के निर्माता हेमराज मीणा, लेखक धर्मेंद्र बघेल एवं निर्देशक सीएल प्रसाद मुंबई से घाटशिला पहुंच चुके हैं। फिल्म की शूटिंग के लिए प्रोडक्शन टीम जमुना टुडू के साथ घूम घूम कर लोकेशन का सर्वे कर रही है। टीम फिलहाल घाटशिला के विभूति विहार होटल में ठहरी हुई है।
विदित हो कि चाकुलिया प्रखंड के मुटुरखाम गांव के बेड़ाडीह टोला निवासी जमुना टुडू महिलाओं को संगठित कर जंगल बचाने का काम विगत दो दशक से अधिक समय से कर रही हैं। उनके द्वारा गठित महिला वन सुरक्षा समिति के सदस्य जंगल काटने वालों से भिड़ जाती हैं। इस क्रम में जमुना एवं उनके सहयोगियों पर वन माफियाओं द्वारा पर कई बार हमला भी किया जा चुका है। महिलाओं के प्रयास से इस क्षेत्र में साल के घने जंगल लहलहा रहे हैं।
फिल्म में बताई जाएगी पूरी कहानी
फिल्म बनाने बली टीम के साथ जमुना टुडू और उसी टीम की सदस्य।
ए विलेज प्रोडक्शन बैनर के तहत जमुना टुडू पर बनने वाली बायोपिक में उनके संघर्ष की पूरी कहानी बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी। मूल रूप से उड़ीसा के रायरंगपुर जिला निवासी जमुना टुडू का विवाह चाकुलिया प्रखंड के मुटुरखाम निवासी मानसिंह टुडू के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही वे अपने ससुराल में लगातार महिलाओं को एकजुट कर जंगल की सुरक्षा में जुट गई थी। फिल्म के माध्यम से जमुना के जीवन से जुड़ी विभिन्न पहलुओं एवं घटनाओं से लोग वाकिफ हो सकेंगे। बड़े पर्दे पर जमुना का किरदार प्रख्यात अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा निभाएंगी।