शिव लिंग मुद्रा के फायदे कहने ही क्या, करके तो देखे, जानिए योग एक्सपर्ट रूमा शर्मा से
शिव लिंग मुद्रा मुद्रा द्वारा शरीर को निरोगी और स्वस्थ रखते हुए शारीरिक और मानसिक विकारों को दूर किया जा सकता है। यदि आप सुस्ती व थकान से ग्रसित होते हैं तो इस मुद्रा का उपयोग कर खुद को उर्जावान बना सकते हैं।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : चिंता दूर करने एवं शरीर को निराेगी बनाने में लाभकारी होता है शिव लिंग मुद्रा योग। आज के समय हर व्यक्ति में तनाव व चिंता में रहना आम बात हो गई है। इसके कारण लोग डिप्रेशन का शिकार होते जा रहे हैं। इस समस्या के निराकरण के लिए जमशेदपुर की योग एक्सपर्ट रूमा शर्मा बता रही हैं आसान उपाय।
रूमा शर्मा कहती हैं कि यदि आप भी तनाव या अवसाद से परेशान हैं तो आप शिव लिंग मुद्रा योग कर सकते हैं। इस मुद्रा में हाथ को एक विशेष प्रकार से रखा जाता है और शरीर की प्राण उर्जा का उपयोग करते हुए लाल लिया जाता है। रूमा शर्मा कहती हैं कि इस मुद्रा द्वारा शरीर को निरोगी और स्वस्थ रखते हुए शारीरिक और मानसिक विकारों को दूर किया जा सकता है। यदि आप सुस्ती व थकान से ग्रसित होते हैं तो इस मुद्रा का उपयोग कर खुद को उर्जावान बना सकते हैं।
शिव लिंग मुद्रा करने की विधि
- शिव लिंग मुद्रा योग करने के लिए सबसे पहले आप सुखासन, वज्रासन और पद्मासन पर बैठ जाएं
- फिर अपने बाएं हाथ को प्याले की तरह बनाएं और इसे नाभि के सामने रखें।
- ध्यान रहे की सभी अंगुलियां एक दूसरे से जुड़ी होनी चाहिए।
- फिर दाएं हाथ का मुक्का बनाएं और उसे बाएं हाथ के उपर रखें
- इसके बाद दाएं हाथ का अंगूठा उपर की तरफ निकालें
- इस मुद्रा का अभ्यास अपने हाथों को पेट की सीध में रख करें।
- इस मुद्रा को अपनी क्षमता अनुसार कितनी भी देर कर सकते हैं।
- आपको बता दें कि दिन में दो-चार मिनट के लिए यदि आप इस मुद्रा का अभ्यास करते हैं तो यह लाभकारी होता है।
शिव लिंग मुद्रा के फायदे
- शिवलिंग हस्त मुद्रा को नियमित करने से वजन कम होता है।
- इस मुद्रा के नियमित अभ्यास से मन को शांति मिलती है साथ ही यह आत्मविश्वास को बढ़ावा भी देता है।
- इस मुद्रा को रोज करने से हीट उत्पन्न होती है। इसलिए शिव लिंग मुद्रा ठंड के दिनों में काफी फायदेमंद होती है।
- इसे रोज करने से खांसी, जुकाम जैसी समस्या से छुटकारा मिल जाता है। सकारात्मक सोच को बढाने के लिए भी आप शिव लिंग मुद्रा कर सकते हैं।
- यदि अवसाद की स्थिति है तो इससे निबटने के लिए भी इस मुद्रा का अभ्यास कर सकते हैं।
- यदि पीरियड ठीक से नहीं हो रहे या फिर तीन दिन से पहले खत्म हो रहे हैं तो यह मुद्रा आपके लिए लाभकारी रहेगी।
- यदि आपको किसी प्रकार का मानसिक तनाव है या फिर किसी प्रकार की दबाव की स्थिति है तो यह मुद्रा काफी उपयोगी होती है।
शिव लिंग मुद्रा करने की सावधानी
- इस मुद्रा को सुबह या शाम के समय ही करनी चाहिए।
- दिन में यदि तापमान ज्यादा हो तो यह आसन नहीं करना चाहिए।
- यदि आपको एसिडिटी की समस्या रहती है तो यह मुद्रा नहीं करनी चाहिए।