शादी का झांसा देकर हवलदार की साली का किया यौन शोषण
जैप छह के सिपाही अरविंद सिंह पर आदिवासी युवती ने शादी करने का झासा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जैप छह के सिपाही अरविंद सिंह पर आदिवासी युवती ने शादी करने का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। जब वह गर्भवती हो गई तो सिपाही उससे पीछा छुड़ाने लगा। युवती के जीजा ने इसकी शिकायत जैप छह की कमांडेट से की तो उन्होंने पूरे परिवार को जैप छह परिसर से बाहर निकाल दिया। जैप छह में रहने वाली युवती ने सिपाही अरविंद सिंह के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण की प्राथमिकी सिदगोड़ा थाने में दर्ज कराई है।
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता लोहरदगा की रहने वाली है। गांव में गरीबी से जूझ रही थी तो डेढ़ वर्ष पहले वह अपने जीजा के पास जैप छह में रहने के लिए आ गई। यहां एक पेट्रोल पंप पर काम कर अपना जीवन यापन कर रही थी। पीड़िता का जीजा हवलदार है। जैप छह में रहने के दौरान हवलदार के घर उसके पड़ोस में रहने वाले आरोपी अरविंद सिंह का आना जाना होता था। उसी दौरान अरविंद सिंह ने पीड़िता को अपने प्रेम के झांसे में ले लिया और शादी करने का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। जब पीड़िता पांच माह की गर्भवती हो गई तो सिपाही ने उससे पीछा छुड़ाना शुरू किया। इसके बाद पीड़िता ने सिपाही पर शादी का दबाव बनाया तो उसने शादी करने से इन्कार कर दिया। तब पीड़िता ने सारी बात अपने जीजा और बहन को बताई।
मामले की जानकारी होने पर पीडि़ता के जीजा ने अरविंद सिंह के बारे मे जानकारी ली तो पता चला कि वह दो बच्चों का पिता है। जब अरविंद से पीडि़ता के जीजा ने बात की तो वह अपनी नौकरी की दुहाई देने लगा और कहने लगा कि किसी से शिकायत मत करो। उसकी नौकरी चली जाएगी। बदले में उससे रुपये लेकर मामला को दबा दो। लेकिन पीडि़ता के जीजा ने इसकी शिकायत जैप छह की कमांडेट से कर दी। इस पर कमांडेट ने अरविंद से कुछ कहने की बजाय पीडि़ता के जीजा को कैपस खाली करने को कह दिया।
न्याय के लिए दर दर भटक रही पीडि़ता
एसपी आफिस, महिला थाना, सिदगोड़ा थाना, मुख्यमंत्री आवास तक पीडि़ता अपनी दीदी को लेकर न्याय के लिए गई। महिला थाना प्रभारी ने पहले तो शिकायत लेने से मना कर दिया फिर अरविंद को बुलाकर थाने मे बात की। लेकिन अरविंद किसी भी कीमत पर पीडि़ता को अपने साथ रखने को तैयार नहीं है। अरविंद सिंह के इस रवैये से दुखी पीडि़ता ने सिदगोड़ा थाना मे अरविंद सिंह के खिलाफ यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई।
खुद को कुंवारा बताया था सिपाही
पीडि़ता से दोस्ती करने के लिए खुद को सिपाही ने कुंवारा बताया था। फिर शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। पीडि़ता अभी नौ माह की गर्भवती है।
हवलदार का वेतन रुकवा दिया
पीडि़ता की बहन ने बताया कि उसका पति साहेबगंज मे हवलदार के पद पर कार्यरत है। लेकिन पहले जैप छह मे ही रहता था और यही पदस्थापित था। जब कमांडेट से सिपाही की करतूतो के बारे मे बताया गया तो कमांडेट ने उनलोगो पर ही गंदे आरोप लगाकर उनके परिवार को जैप छह के कैमस से बाहर कर दिया। इतना ही नही उनके पति के दो माह से वेतन भी रुकवा दिया है।
वे लोग बागुनहातु मे एक किराये के मकान मे रह रहे है। दो माह से वेतन नही आने के कारण घर मे खाने के लाले पड़े हुए हैं। मायके से नमक, दाल चावल मांग कर गुजारा कर रहे है। मकान मालिक किराये के लिए तंग कर रहा है। ऊपर से नौ माह की गर्भवती बहन को न्याय दिलाने के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होने कहा कि वे लोग गरीब आदिवासी है। इस लिए उनकी मदद करने वाले कोई नही है।
सच्चाई सामने आएगी
पीडि़ता के जीजा (हवलदार) की पोस्टिंग दो वर्ष पहले साहेबगंज में हो चुकी है। पोस्टिंग के बावजूद वे जैप छह परिसर स्थित मकान पर कब्जा जमाए हुए था। इस कारण उनसे मकान खाली करवाया गया है। साहेबगंज के कमांडेट को यहां से लिख कर दिया गया है कि वह मकान नहीं छोड़ रहा है और साहेबगंज मे पोस्टिंग होने के बावजूद जैप छह में ही रह रहा है। इसलिए साहेबगंज के कमांडेट ने उनका वेतन दो माह से रोक दिया है। अरविंद सिंह जैप छह का सिपाही है। सिदगोड़ा थाना मे अरविंद के खिलाफ प्राथमिकी हो गई है। पुलिस जांच कर रही है। डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा, जिससे सच्चाई सामने आ जाएगी ।
-संगीता कुमारी कमांडेट जैप छह