सुरदा माइंस में दुर्घटना, सात मजदूर घायल Jamshedpur News
अचानक स्किप गाड़ी पटरी से लुढ़क कर तेजी से लुढ़कने लगी। तेजी से हिचकोले खाने से मजदूर इधर उधर गाड़ी में गिर गए। सात मजदूर घायल हो गए।
घाटशिला (जागरण संवाददाता)। पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी थाना क्षेत्र अंतर्गत एचसीएल आईसीसी द्वारा संचालित सुरदा माइंस के थ्री शॉफ्ट में शनिवार हुए दुर्घटना में सात मजदूर घायल हो गए।
घायल सभी मजदूर शनिवार सुबह ए शिफ्ट की ड्यूटी में माइंस के 11 नंबर लेबल पर काम में गए थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद मजदूर स्किप गाड़ी से पांचवें नंबर लेबल पर लौट रहे थे। लौटने के क्रम में 6-7 लेबल के बीच अचानक स्किप गाड़ी पटरी से लुढ़क कर तेजी से अनियंत्रित होकर लुढ़कने लगी।
इससे सेफ्टी सिग्नल का अलार्म बज गया। तेजी से हिचकोले खाने से मजदूर स्किप गाड़ी में इधर-धर गिर गए। जिससे सात मजदूर घायल हो गए। घायलों को तत्काल मउभंडार आईसीसी हॉस्पिटल में लाया गया। जहां चिकित्सक ने सभी घायलों का इलाज किया।
घायल मजदूरों के सर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी।घटना की सूचना पाकर झामुमो प्रखंड सचिव सोमाय सोरेन, मजदूर नेता सुनाराम सोरेन समेत कई लोग मऊभंडार आईसीसी कंपनी हॉस्पिटल पहुंचे थे।घायल मजदूरों ने बताया कि स्किप लूढ़कने के कारण वे लोग घायल हुए।
स्किप तेजी से पटरी से अनियंत्रित हो गई। मजदूरों ने बताया कि वे 11 लेबल पर काम कर रहे थे। डयूटी समाप्त होने के बाद स्किप से पांच नंबर लेबल पर आ रहे थे। पांच नंबर लेबल से लिफ्ट के जरिए बाहर निकलना था। अचानक यह दुर्घटना हो गई। दुर्घटना किन कारणों से हुई यह पता नहीं चल सका हैं।