अलग-अलग घटनाओं में महिला समेत सात गंभीर
कोल्हान के अलग-अलग थानाक्षेत्र में गुरुवार को हुए हादसे में महिला समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को जमशेदपुर स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल एवं टीएमएच में भर्ती कराया गया है।
जागरण टीम, चांडिल, गम्हरिया, पोटका : कोल्हान के अलग-अलग थानाक्षेत्र में गुरुवार को हुए हादसे में महिला समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को जमशेदपुर स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल एवं टीएमएच में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगू के समीप की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चांडिल से जमशेदपुर जा रही ऑटो के चक्के के नीचे कुत्ता के आने से अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में ऑटो में सवार चालक समेत चार सवार गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को आजसू छात्र संघ के कोल्हान महामंत्री शेखर गांगुली ने स्थानीय लोगों की मदद से चिलगू स्थित निजी क्लीनिक में पहुंचाया। उन्होंने बताया कि चांडिल निवासी जोशना मोदक, कालीपद मोदक, मदन मोदक एवं दो साल का एक बच्चा ऑटो से जमशेदपुर स्थित किसी डाक्टर के यहां जा रहे थे। इसी बीच ऑटो के आगे एक कुत्ता आया गया जिससे ऑटो अनियंत्रित हाकर पलट गई।
दूसरी घटना पोटका प्रखंड क्षेत्र के हेंसल की है जहां दोपहर बाद स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर जा रहे बाइक सवार भाई-बहन को मालवाहक ने टक्कर मार दी। घटना में मां सरस्वती इंग्लिश स्कूल की छात्रा खुशबू मुंडा और उसका भाई अनीश मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने दोनों को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिकी उपचार के बाद छात्रा को जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं घटना के बाद वाहन सहित चालक फरार हो गया।
तीसरी घटना टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर रात्रि करीब साढ़े सात बजे की है। गम्हरिया लाल बिल्डिग चौंक के समीप बुलेट से गिरकर सीता देवी नामक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर पहुंची जेएआरडीसीएल के एम्बुलेंस से उसे इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टीएमएच ले जाया गया। बताया जाता है कि वह अपने पुत्र के साथ बुलेट पर सवार होकर बाजार से घर जा रही थी। इसी क्रम में गम्हरिया लाल बिल्डिग चौंक के पास बाइक से गिर पड़ी जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।