Jamshedpur Corona News : जमशेदपुर में कोरोना से सात की मौत, अब तक 83 की गई जान
Jamshedpur Corona News. टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) व महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कुल सात मरीजों की मौत कोरोना से हुई।
जमशेदपुर, जासं। कोरोना से मौत की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) व महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कुल सात मरीजों की मौत कोरोना से हुई। इसमें दो महिला, एक किशोरी व चार पुरुष शामिल हैं। मृतक में जुगसलाई गौरी शंकर रोड निवासी (72) एक पुरुष, कदमा रानी कुदर निवासी (46) पुरुष, जुगसलाई निवासी (66) पुरुष व काशीडीह निवासी (65) एक पुरुष शामिल हैं।
वहीं, साकची निवासी (16) एक किशोरी धतकीडीह तालाब में डूब गई थी। उसका शव का कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावे सोनारी निवासी (65) एक महिला व भुइयांडीह निवासी (48) एक महिला की मौत हो गई। टीएमएच व एमजीएम का आकंड़ा देखा जाए तो अब तक कोरोना से कुल 83 मरीजों की मौत हो गई है। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले के 71 मृतक शामिल हैं।
जिले में मिले 107 कोरोना पॉजिटिव, संख्या बढ़कर हुई 2616
पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार 107 कोरोना पॉजिटिव मिले। इसमें सुंदरनगर स्थित सीआरपीएफ कैंप के दो जवान, मुसाबनी कैंप के पांच जवान शामिल हैं। वहीं, जमशेदपुर एडीएम के चालक सहित पांच लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बाराद्वारी मिशनरी के तीन लोग भी संक्रमित हो गए हैं। इसके अलावे बर्मामाइंस स्थित कैरेज कालोनी निवासी एक परिवार के सात लोग कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। टीएमएच के लैब से कुल 40 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें अधिकांश इलाजरत हैं। वहीं जो मरीज होम क्वारंटाइन हैं उनको कोविड अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 2616 हो गई है।
214 संदिग्ध मरीजों का लिया गया नमूना
पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को 214 संदिग्ध मरीजों का नमूना लिया गया। जिले से अब तक कुल 40657 का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 35228 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
तीन मरीज स्वस्थ होकर लौटे
टाटा मुख्य अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती तीन संक्रमित व्यक्ति के संक्रमण मुक्त होने पर शुक्रवार को छुट्टी दी गई। जिले में अब तक कुल 930 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।