तीन राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बनाई शांतिपूर्ण चुनाव को रणनीति Jamshedpur News
राज्य की सीमा से सटे ओडिशा पश्चिम बंगाल की सीमा को किसी तरह की अवैध गतिविधियों व अवांछित तत्व की रोकथाम पर चर्चा के बाद खास रणनीति तैयार की गई।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर तीन राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक शनिवार को जमशेदपुर में आयोजित की गई। इस इंटर स्टेट को-ऑर्डिनेशन की मीटिंग में आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के अलावा झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में खास सतर्कता बरते जाने का निर्णय लिया गया।
राज्य की सीमा से सटे ओडिशा, पश्चिम बंगाल की सीमा को किसी तरह की अवैध गतिविधियों व अवांछित तत्व की रोकथाम पर चर्चा के बाद खास रणनीति तैयार की गई। ओडिशा व पश्चिम बंगाल के पुलिस अधिकारियों को सलाह दी गई कि वे अपने राज्यों से झारखंड में किसी तरह की अवांछित हरकत को अंजाम देने से रोकने के उपाय करें। इसके अलावा शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने को लेकर विविध पहलुओं पर भी चर्चा की गई। कुछ खास इलाकों व खास लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आगाह किया गया।
अंतर राज्यीय समन्वय की बैठक में कोल्हान प्रमंडल के डीआइजी कुलदीप द्विवेदी, रांची के डीआइजी अमोल वी होमकर, जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे, चाईबासा के पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महथा, सरायकेला के पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा, खूंटी के पुलिस अधीक्षक, सिमडेगा के एडीशनल एसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ झारखंड का प्रतिनिधित्व किया।
वहीं ओडिशा से क्योंझर के पुलिस अधीक्षक, राउरकेला के पुलिस अधीक्षक, सुंदरगढ़ के पुलिस अधीक्षक के अलावा मयूरभंज के एडीशनल एसपी इस बैठक में शामिल हुए। पश्चिम बंगाल की ओर से पुरुलिया के एडीशनल एसपी व झाड़ग्राम के एडीशनल एसपी शामिल हुए। इनके अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 193, 174, 197, 196 व 60 बटालियन के कमांडेंट ने भी इस मीटिंग में पुलिस के साथ समन्वय बनाते हुए शांतिपूर्वक चुनाव कराने को लेकर रणनीति तैयार की।