पत्नी से झगड़ा कर घर से निकले सिक्योरिटी गार्ड ने लगा ली फांसी Jamshedpur News
सुबह पेड़ से रस्सी के सहारे लटकी मिली लाश पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम। परिजनों के हवाले किया गया शव।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। पत्नी से झगड़ा कर घर से निकले गदरा के टीचर्स कॉलोनी निवासी सिक्योरिटी गार्ड सुकुमार गोप (65) ने फांसी लगा कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। सुकुमार ने गदड़ा कॉलेज मैदान के करीब एक पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी लगाई है। शनिवार की सुबह सुकुमार की लाश लोगों ने देखी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इसका पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सुकुमार गोप का शुक्रवार को खाना बनाने को लेकर अपनी पत्नी सारूपी गोप से झगड़ा हुआ था। इसके बाद, वो शुक्रवार की रात को रोज की तरह ड्यूटी के लिए घर से निकल गया। घर के लोगों ने सोचा कि सुकुमार ड्यूटी पर गया होगा।
सुबह पेड़ से लटका मिला शव
गदरा के लोग सुबह जब कॉलेज मैदान रोड की तरफ गए तो उन्हें एक पेड़ से एक शव लटका हुआ दिखा। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह इलाके में फैल गई। पेड़ से लटक रहे शव को देखने के लिए लोगों का मजमा जुट गया। तभी किसी ने उसकी पहचान सुकुमार गोप के रूप में की। इसके बाद उसके घर को खबर दी गई। इस पर सुकुमार के बेटे और पत्नी रोते-पीटते घटना स्थल पर पहुंचे।
अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज
परसुडीह पुलिस ने मृतक के बेटे गणेश गोप के आवेदन पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को इस मामले में अन्य किसी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या पता था कि वो फांसी लगा लेंगे
सुकुमार की मौत पर पत्नी सारूपी गोप का रो रो कर बुरा हाल है। पत्नी रोते हुए कह रही है कि क्या पता था कि वो उन्होंने झगड़े में हुई बात को दिल पर ले लिया है। वो जानती तो उनको मना लेती।