बोनस को लेकर टाटा मोटर्स में हुई दूसरे चक्र की वार्ता, यूनियन ने कहा- साकारात्मक बातचीत हुई Jamshedpur News
बोनस को लेकर टाटा मोटर्स में रविवार को दूसरी बार वार्ता हुई। दोपहर 12 बजे से 1.30 बजे तक चली वार्ता में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते महामंत्री आरके सिंह व प्रबंधन की ओर से प्लांट हेड विशाल बादशाह ईआर हेड दीपक कुमार मौजूद थे।
जमशेदपुर (जासं) । बोनस को लेकर टाटा मोटर्स में दूसरी बार वार्ता हुई। डेढ़ घंटे तक चली इस वार्ता में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते, महामंत्री आरके सिंह व प्रबंधन की ओर से प्लांट हेड विशाल बादशाह, ईआर हेड दीपक कुमार मौजूद थे। डेढ़ घंटे चली वार्ता को यूनियन ने साकारात्मक बताया है। हालांकि अभी कोई फैसला नहीं हो पाया है।
दरअसल पिछले वर्ष कंपनी के कर्मचारियों को 12.9 फीसद बोनस मिला था। जिसमें न्यूनतम 19 हजार अधिकतम 49 हजार रुपए कर्मचारियों को मिला था। साथ ही 306 बाइसिक्स कर्मचारी स्थायी किए गए थे। इस बार यूनियन के पास वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए पिछले वर्ष की तरह की बोनस दिलाना व कर्मचारियों को स्थायी कराना बड़ी चुनौती बनी हुई है।
टिमकेन यूनियन के मामले में आज नहीं हुई सुनवाई
इधर, टिमकेन वर्कर्स यूनियन की वैद्यता मामले में श्रमायुक्त रामनिवास यादव के कार्यालय में यूनियन के दोनों गुटों को बुलाया गया था। रांची स्थित श्रमायुक्त कार्यालय में विजय यादव गुट को पूरे विवाद पर सोमवार को पक्ष रखना था, पर मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के निधन पर घोषित दो दिन के राजकीय शोक के कारण सोमवार को सुनवाई टाल दी गयी। अब विजय यादव गुट को बुधवार को बुलाया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर मंगलवार को गिरवरधारी गुट को श्रमायुक्त ने नोटिस कर बुलाया है। दोनो पक्षों को समुचित कागजात के साथ अपना पक्ष रखने को कहा गया है। जानकारी हो कि यूनियन की आपसी विवाद पर हाईकोर्ट ने अपना निर्णय देते हुए इसे श्रमायुक्त के पाले में भेज दिया है। श्रमायुक्त फिरसे यूनियन विवाद पर सुनवाई करते हुए अपना निर्णय देंगे।