Jharkhand Politics : कभी धुर विरोधी रहे डा. अजय कुमार एवं सरयू राय एक मंच पर आए, नजरें मिलीं तो हर कोई रह गया हैरान
Jamshedpur Politics. झारखंड की राजनीति ने पिछले विधानसभा चुनाव में कई रंग दिखाए थे। उसकी बानगी अब भी देखने को मिल रही है। ऐसा ही नजारा फिर दिखा जब डा. अजय कुमार व सरयू राय ना केवल एक मंच पर आए बल्कि दोनों की नजरें भी मिलीं।
जमशेदपुर, जासं। झारखंड की राजनीति ने पिछले विधानसभा चुनाव में कई रंग दिखाए थे। उसकी बानगी अब भी देखने को मिल रही है। ऐसा ही नजारा रविवार को भी दिखा, जब डा. अजय कुमार व सरयू राय ना केवल एक मंच पर आए, बल्कि दोनों की नजरें भी मिलीं। गुफ्तगू भी हुई, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।
दरअसल, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के घर से सटा एग्रिको मैदान और एग्रिको क्लब हाउस है। यहां रविवार को युवा समाजसेवी राजीव चौहान ने होली पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें बिहार से आए भोजपुरी गायक गोलू राजा ने अपने गानों से सबका दिल जीत लिया। सरयू राय ने भी गोलू की गायिकी की तारीफ की। इसी बीच आयोजक ने मंच पर जब आवाज दी, तो उसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता व जमशेदपुर के पूर्व सांसद डा. अजय कुमार का नाम शामिल था। यहां तक तो सब ठीक था, लेकिन जैसे ही जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय का नाम पुकारा गया, तो लोग अगल-बगल देखने लगे। सरयू राय व डा. अजय कुमार ना केवल मंच पर पहुंचे, बल्कि नजरें मिलाते हुए डा. अजय ने सरयू से कुछ कहते भी दिखे। बहरहाल, यह घटना इसलिए दिलचस्प है कि क्योंकि अब तक इन दोनों को इस तरह एक साथ नहीं देखा गया था।
2011 के लोकसभा उपचुनाव में बढ़ी थी तल्खी
जमशेदपुर में 2011 के लोकसभा उपचुनाव में डा. अजय कुमार झारखंड विकास मोर्चा से चुनाव लड़ रहे थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. दिनेशानंद गोस्वामी थे। उस वक्त सरयू राय ना केवल भाजपा में थे, बल्कि गोस्वामी के रणनीतिकार भी कहे जा रहे थे। इसी बीच चुनाव के ठीक पहले सरयू राय व दिनेशानंद ने एक सीडी जारी किया, जिसमें दावा किया गया था कि डा. अजय कुमार की नक्सली समरजी से बातचीत हुई है। बातचीत भी लोकसभा चुनाव जीतने के संबंध में थी। मामला जमशेदपुर सिविल कोर्ट तक पहुंचा, जिसमें कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए डा. अजय कुमार पर आरोप गठित कर दिया। हालांकि इस मामले में तारीख पर तारीख पड़ती रही। अब भी यह मामला लंबित है।