Tata Workers Union : सरोज सिंह ने फिर किया सत्ता पक्ष पर हमला, अध्यक्ष को दिखाया आईना
Tata Workers Union. टाटा वर्कर्स यूनियन चुनाव से पहले ट्यूब डिविजन से कमेटी मेंबर सरोज कुमार सिंह ने एक बार फिर सत्ता पक्ष पर हमला करते हुए अध्यक्ष आर रवि प्रसाद सहित पूरी टीम पर हमला किया है। सत्ता के दावों को झूठ का पुलिंदा करार दिया है।
जमशेदपुर, जासं। टाटा वर्कर्स यूनियन चुनाव से पहले ट्यूब डिविजन से कमेटी मेंबर सरोज कुमार सिंह ने एक बार फिर सत्ता पक्ष पर हमला करते हुए अध्यक्ष आर रवि प्रसाद सहित पूरी टीम पर हमला किया है। सत्ता के निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के दावों को झूठ का पुलिंदा करार दिया है।
सरोज का कहना है कि यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद के नेतृत्व में यूनियन के संविधान में संशोधन हुए। निबंधित संविधान की धारा 10 के 1ए व बी में आरओ का चुनाव गुप्त मतदान कराने का प्रावधान है। लेकिन यूनियन चुनाव के बाद जितने भी उप चुनाव हुए, अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने निर्वाचन पदाधिकारी (आरओ) के लिए गुप्त मतदान नहीं कराकर कमेटी मेंबरों को उनके अधिकारों से वंचित कर अपने चहेते पदाधिकारी को मनोनित कर दिया। तब यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद को निष्पक्ष और पारदर्शिता का ख्याल नहीं आया और अब मुख्य चुनाव के समय उनकी ही टीम निष्पक्ष और भ्रामक प्रचार कर रही है जो पूरी तरह से झूठा और हास्यपद है।
कमेटी मेंबरों को किया सचेत
सरोज का कहना है कि यह गनीमत है कि उपचुनाव में सीट पूर्व निर्धारित रहते हैं और उसके निर्धारण को लेकर गड़बड़ी की संभावना शून्य रहती है इसलिए यह बड़े विवाद का रूप नही ले सका। अध्यक्ष जब संविधान को धत्ता बताकर अपनी मनमर्जी कर रहे थे तो उनके समर्थक कमेटी मेंबर से लेकर पदाधिकारियों तक ने इस पर कोई आवाज नहीं उठाई। लेकिन चुनाव आते ही इन्हें निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव याद आ रहे हैं। आगामी चुनाव में ऐसे लोगों को सबक सिखाने की जरूरत है यदि कमेटी मेंबर साथियों ने पुरानी घटनाओं से सबक नहीं लिया तो भविष्य में अपनी मनमानी की गंगा बहाते हुए कमेटी मेंबरों के सभी अधिकारों को शून्य कर देंगे। इसलिए मेरी सभी कमेटी मेंबरों से प्रार्थना है कि समय रहते ऐसे लोगों से सचेत हो जाएं।