जमशेदपुर के काशीडीह के युवक की ओमान में सड़क हादसे में मौत Jamshedpur News
कोरोना की वजह से लॉकडाउन के बीच जमशेदपुर के लिए दुखद खबर आई। काशीडीह लाइन नंबर एक निवासी विवेक कुमार की ओमान में हुई सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर के काशीडीह लाइन नंबर एक निवासी विवेक कुमार की ओमान में हुई एक सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद मौत हो गई। वे 26 मार्च को सड़क पार करने के क्रम में कार की चपेट में आ गए थे। इलाज के क्रम में उन्होंने 11 अप्रैल को दम तोड़ दिया।
23 अप्रैल को उनका शव ओमान से काशीडीह लाया गया। शव पहुंचते ही इलाके में शोक में डूब गया। शव पहुंचने की सूचना पर साकची थाना की पुलिस और मेडिकल टीम भी काशीडीह पहुंची। हालांकि परिजनों के पास तमाम मेडिकल कागजात थे, सो दाह संस्कार की अनुमति प्रशासन ने दे दी। दस्तावेज देखने के बाद कोरोना जांच के लिए सैंपल लेने की भी जरूरत नहीं पड़ी। पहले ही शव की कई प्रकार की मेडिकल जांच हो चुकी थी।
विवेक पर ही थी घर की जिम्मेदारी
बताते हैं कि विवेक कुमार पर ही घर की देखरेख की जिम्मेदारी थी। वो अपने पीछे तीन भाई-बहनों और माता को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बिष्टुपुर केएमपीएम स्कूल के प्रचार्य रहे स्व ओम प्रकाश सिंह आजाद का भतीजा था। विवेक के पिता ओंकार नाथ सिंह का निधन 2009 में हो गया था। विवेक कुमार के छोटे भाई विशाल कुमार ने बताया कि विवेक ओमान में अलक्रूम ज्वेलर्स में मैनेजर के पद पर 2017 से कार्यरत थे।
नौकरी के बाद नहीं लौटा था जमशेदपुर
नौकरी के बाद जमशेदपुर नहीं लौटे थे। 26 मार्च को सड़क पार करने के दौरान कार चालक ने धक्का मार दिया था। गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ओमान के सोहर अस्पताल में इलाजरत थे। 11 अप्रैल को मौत हो गई। इसके बाद शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। ओमान की राजधानी मस्कट में भारतीय राजदूत रंजन मंडल के प्रयास के बाद 20 अप्रैल को ओमान से शव को दिल्ली लाया गया। गुरुवार को शव जमशेदपुर लाया गया। अंतिम संस्कार भुइयांडीह स्वर्णरेखा घाट पर कर दिया गया।