Jharkhand Assembly Election 2019 : लालू के लाल ने खेला बिहारी कार्ड, झामुमो के लिए यह कहकर मांगे वोट
Jharkhand Assembly Election 2019. लालू के लाल तेजस्वी यादव ने जमेशदपुर की चुनावी सभा में बिहारी कार्ड खेला। कहा कि महागठबंधन की सरकार में बिहारियों का भी भला होगा।
जमशेदपुर, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने गुरुवार को झारखंड के जमशेदपुर के बागबेड़ा में झामुमो प्रत्याशी के पक्ष में सभा की। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा की दाल नहीं गलने वाली। भाजपा की हवा उड़ने वाली है।
बागबेड़ा के सिदो-कान्हू मैदान में तेजस्वी ने कहा कि भाजपा की हवा-हवाई बातों से पूरे झारखंड की जनता उब चुकी है और विपक्षी महागठबंधन को समर्थन का मन बना लिया है। ऐसे में बागबेड़ा के लोगों को भी चाहिए कि महागठबंधन के प्रत्याशी को जिताएं। महागठबंधन की सरकार बनेगी तो बिहारियों के हित में भी काम होंगे। बागबेड़ा बिहारी बहुल है और यहां के वोटर पोटका विधानसभा क्षेत्र के लिए निर्णायक होते हैं।
नहीं टूटेंगे बागबेड़ा में घर
तेजस्वी ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के बयान की याद दिलाई और कहा कि पिछले चुनाव के दौरान राजनाथ सिंह इसी बागबेड़ा में ओल गए थे कि किसी का घर नहीं टूटेगा और चुनाव के दस दिन बाद ही घर तोड़े जाने लगे। अब मौका आ गया है कि लोगों को भरमाने वाली पार्टी को सबक सिखाएं।
सिर्फ हाथी उड़ाते रहते मुख्यमंत्री
उन्होंने कहा कि 16 वर्षो तक भाजपा ने राज किया। डबल इंजन की सरकार में भी झारखंड पिछड़ा और बदहाल है। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार को छह वर्ष और रघुवर दास की सरकार को पांच वर्ष हो गए है। इस हिसाब से 12 करोड़ रोजगार मिलने चाहिए। लेकिन कहां मिला। देश व राज्य के नौजवान आज भी बेरोजगार हैंं। उन्होंने कहा कि रघुवर दास अलग मिजाज में रहते हैैं। वे तो सिर्फ हाथी ही उड़ाते रहते हैं। प्याज 120 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। मंहगाई चरम पर पहुंच गई है। भाई से भाई को लड़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। टैैक्स का पैसा लूटा जा रहा है। झारखंड की सरकार चिंतन में डूबी है।