राजस्व उप निरीक्षक पर किया जान लेवा हमला, सीओ से शिकायत
थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर घर बनाए जाने की शिकायत मिलने पर सोमवार को पोटका के राजस्व उप निरीक्षक आशुतोष चौबे ने आसनबनी के कारगिल चौक के समीप सरकारी जमीन की जांच की। उन्होंने घर बना रहे गुहीराम महतो से पूछताछ की तो गुहीराम ने रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
संसू, जादूगोड़ा : थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर घर बनाए जाने की शिकायत मिलने पर सोमवार को पोटका के राजस्व उप निरीक्षक आशुतोष चौबे ने आसनबनी के कारगिल चौक के समीप सरकारी जमीन की जांच की। उन्होंने घर बना रहे गुहीराम महतो से पूछताछ की तो गुहीराम ने रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। उन्होंने जादूगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज नहीं कराई। उन्होंने बुधवार को पोटका अंचलाधिकारी इम्तियाज अहमद से कार्रवाई करने की मांग को लेकर लिखित आवेदन दिया है। आवदेन में कहा गया है कि वे पोटका अंचल के हल्का संख्या 1 और 3 में प्रतिनियुक्त है। अपर उपायुक्त के निर्देशानुसार अतिक्रमण की जांच के लिए हल्का संख्या 3 का भ्रमण कर रहे थे। हाथिबिंधा पंचायत अंर्तगत कारगिल चौक के समीप सरकारी जमीन पर घर निर्माण कराया जा रहा था। आस-पडोस व ग्रामीणों से पूछताछ की तो पता चला कि संबंधित सरकारी जमीन पर अवैध रूप से गुहीराम महतो द्वारा घर निर्माण कराया जा रहा है। जांच के दौरान गुहीराम महतो से राजस्व कागजात की मांग की गई तो उसने अपनी साइकिल दुकान से रॉड लेकर हमला कर दिया। उनके सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए गए। उन्होंने अंचलाधिकारी से इस मामले की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई करने की मांग की है। राजस्व उप निरीक्षक संघ ने जताया विरोध : राजस्व उप निरीक्षक संघ ने इस घटना पर विरोध जताते हुए कहा कि इस तरह की घटना निदनीय है। अंचल कर्मी ने इस हमले पर कार्रवाई करने की मांग की है। संघ के सदस्यों ने कहा कि जल्द ही इस मामले पर कार्रवाई नही की गई तो पूर्वी सिंहभूम के सभी राजस्व उप निरीक्षक हड़ताल पर चले जाएंगे। वरीय अधिकारियों को दे दी गई है जानकारी : पोटका अंचलाधिकारी इम्तियाज अहमद ने कहा कि राजस्व उप निरीक्षक आशुतोष चौबे ने लिखित आवेदन देकर सुचित किया है। कहा कि इस बारे में जादूगोड़ा थाना को लिखित दिया गया है कि विधि सम्मत कार्रवाई की जाए। मैने वरीय अधिकारी को भी सूचित कर दिया गया हैं। इधर, गुहीराम महतो ने कहा कि ऐसा कोई घटना नहीं घटा है। मैने किसी को नही मारा है। राजस्व कर्मी आए थे, परंतु वे मेरे जमीन के चारों तरफ घूम रहे थे। मैने उन्हे नहीं मारा। मेरा जमीन बंदोबस्ती जमीन है।