Republic Day 2021 : टाटा मोटर्स वर्कर्स और तार कंपनी यूनियन में शान से फहरा तिरंगा
Republic Day 2021. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में गणतंत्र दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन का कार्यक्रम हुआ। यूनियन अध्यक्ष गुरमीत सिंह व महामंत्री आरके सिंह ने संयुक्त रूप से झंडोत्तोलन किया। वायर प्रोडक्ट लेबर यूनियन में भी ध्वजारोहण किया।
जमशेदपुर, जासं। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुबह सात बजे झंडोत्तोलन का कार्यक्रम हुआ। यूनियन अध्यक्ष गुरमीत सिंह व महामंत्री आरके सिंह ने संयुक्त रूप से झंडोत्तोलन किया। तत्पश्चात राष्ट्रगान के साथ महामंत्री उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में आरके सिंह ने कहा कि आज के दिन हम सब अपने शहीदों को याद करते हुए सभी नेताओं को श्रद्धा पूर्वक नमन करते हैं। साथ ही हम सब यह संकल्प लेते हैं कि अपने संविधान के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को सही तरीके से निभाएंगे। आज के दिन देश में अनुशासन के साथ अधिकार देने हेतु संविधान लागू किया गया था। जिसके अंतर्गत हमलोगों को सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय और सेवा करने का मौका मिलता है। हम सब को अपने देश के प्रति सही दायित्व को निभाना चाहिए। इस मौके पर अनिल शर्मा, एचएच सैनी समेत सभी पदाधिकारी, कमेटी मेंबर व कर्मचारी मौजूद रहे।
तार कंपनी-जेम्को यूनियन में हुआ ध्वजारोहण
तार कंपनी की मान्यता प्राप्त वायर प्रोडक्ट लेबर यूनियन में वहां के वरिष्ठ कमेटी मेंबर नंदलाल तिवारी ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर यूनियन के महामंत्री पंकज कुमार सिंह, डिप्टी प्रेसीडेंट श्रीकांत सिंह समेत सभी यूनियन पदाधिकारी व कमेटी मेंबर मौजूद रहे। उधर जेम्को वर्कर्स यूनियन में महामंत्री अमित सरकार ने ध्वजारोहण किया। यहां मंजित सिंह, मनोज श्रीवास्तव, महात्मा सिंह समेत कई लोग मुख्य रूप से मौजूद थे। वहीं टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन प्रांगण में महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने झंडोत्तोलन किया। मौके पर परविंदर सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।