Coronavirus Jamshedpur : जमशेदपुर के लिए राहत भरी खबर, अगस्त-सितंबर में चरम पर था कोरोना; अब तेजी से घट रहा
Coronavirus Jamshedpur . पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से घट रहा है। अगस्त-सितंबर में जहां रोजाना 400 से 500 पॉजिटिव मरीज मिलते थे वहीं अब अक्टूबर माह में घटकर 40 से 45 पर पहुंच गया है। वहीं मौत की संख्या भी घटी है।
जमशेदपुर, जासं। Coronavirus Jamshedpur पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से घट रहा है। अगस्त-सितंबर में जहां रोजाना 400 से 500 पॉजिटिव मरीज मिलते थे वहीं अब अक्टूबर माह में घटकर 40 से 45 पर पहुंच गया है। वहीं, मौत की संख्या भी घटी है। पहले एक-एक दिन में 8 से 10 मरीजों की मौत हो जाती थी जो अब एक से दो पहुंच गई है। यह जिले के लिए अच्छा संकेत है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार 16 सितंबर को कुल 401 पॉजिटिव मरीज मिले थे और छह की मौत हुई थी। 18 सितंबर को 541 पॉजिटिव और आठ की मौत हुई थी। 21 सितंबर को 429 पॉजिटिव और छह की मौत हुई थी। फिलहाल जिले में 1238 एक्टिव केस है। अगर इसी रफ्तार से मरीज घटते चले गए तो नवंबर के पहले सप्ताह तक स्थिति नियंत्रण में आ जाएगी। हालांकि, कोरोना के दूसरे लहर की आशंका भी व्यक्त की जा रही है। अगर दूसरा लहर आया तो लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है।
पांच दिन में 17 हजार लोगों की हुई जांच, मिले सिर्फ 288 पॉजिटिव
जिले का आंकड़ा देखा जाए तो बीते पांच दिनों में कुल 17 हजार 256 लोगों की जांच हुई, जिसमें सिर्फ 288 लोग ही पॉजिटिव मिले हैं। यानी 1.66 फीसद। जबकि पहले ये आंकड़ा चार फीसद के आसपास था। वहीं, स्वस्थ होकर घर जाने वाले लोगों की संख्या में तेजी से वृध्दि हुई है। बीते पांच दिनों में कुल 559 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। यानी 3.23 फीसद। इससे साबित होता है कि पॉजिटिव मरीजों से अधिक ठीक होने वालों की संख्या हो गई है। वहीं पांच दिन में सिर्फ पांच मरीज की ही मौत हुई है। जबकि पहले एक-एक दिन में 8 से 10 मरीज की मौत होती थी।
तिथि जांच पॉजिटिव मौत
11 अक्टूबर - 1123 - 45 - 01
12 अक्टूबर - 4809 - 80 - 03
13 अक्टूबर - 4609 - 48 - 00
14 अक्टूबर - 3025 - 59 - 01
15 अक्टूबर - 3696 - 56 - 00
अधिक से अधिक लोगों की जांच की जा रही है लेकिन पॉजिटिव मरीजों की संख्या कम हुई है, जो अच्छा संकेत है। लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। भीड़-भाड़ वाले स्थान में जाने से बचें। नियम का पालन अवश्य करें। इस बीमारी को खत्म करने में सबका सहयोग जरूरी है।
- डा. साहिर पाल, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी।