Live Coronavirus Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के लिए राहत की खबर,जिले की पहली कोरोना संक्रमित हुई ठीक
LIVE Coronavirus Jamshedpur News Update. पूर्वी सिंहभूम के लिए राहत की खबर है। जिले की पहली कोरोना संक्रमित युवती ठीक हो गई है।
जमशेदपुर, जासं। LIVE Coronavirus Jamshedpur News Update पूर्वी सिंहभूम के लिए राहत की खबर है। जिले की पहली कोरोना संक्रमित युवती ठीक हो गई है। उसे उपायुक्त रविशंकर शुक्ला आज जमशेदपुर से चाकुलिया के लिए विदा करेंगे। जिले में कोरोना पॉजिटिव का मामला चाकुलिया में ही मिला था जिसमें एक युवक और युवती शामिल थे। ये कोलकाता से 10 मई को चाकुलिया आए थे। 12 मई को इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद इन्हें टीएमएच के कोविड वार्ड में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
सीतारामडेरा में घर-घर लिया जाएगा नमूना
सीतारामडेरा में मंगलवार को कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पूरे अपार्टमेंट को खाली करा दिया गया है। अब बुधवार को कंटेनमेंट जोन के करीब 100 घरों में रहने वालों का नमूना जांच के लिए लिया जाएगा। इसके साथ ही संक्रमित व्यक्ति जिस डॉक्टर के क्लीनिक में गया था, उस वक्त वहां मौजूद करीब छह मरीजों की तलाशी होगी। न्यूसीतारामडेरा निवासी मरीज ने 23 मई को छाती में दर्द होने पर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.एनके दास से बात की थी। डॉ.एनके दास ने 24 मई की सुबह बुलाया था। इसके बाद टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया था। वहां पर सीसीयू को सेनिटाइज किया गया है। वहीं, धालभूमगढ़ निवासी को कदमा क्वारंटाइन में रखा गया था।
कोल्हान में अबतक 46 कोरोना पॉजिटिव
मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के न्यू सीतारामडेरा व धालभूमगढ़ क्षेत्र में क्रमश: एक-एक पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर व आनंदपुर में चार नए पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। सरायकेला खरसावां के कपाली में एक मरीज पाया गया। कोल्हान प्रमंडल में अब मरीजों की संख्या बढ़ कर 46 हो गई है। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले के 27, पश्चिमी सिंहभूम के 14 व सरायकेला खरसावां जिले के पांच मरीज शामिल हैं।
एमजीएम में 676 कोरोना संदिग्ध मरीजों की हुई जांच, सात पॉजिटिव
महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लैब में 676 कोरोना संदिग्ध मरीजों की जांच हुई। इसमें पश्चिमी सिंहभूम के तीन व हजारीबाग के चार मरीज शामिल है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिले में दो व सरायकेला में एक मरीजों की पुष्टि हुई है। इसकी जांच टीएमएच अस्पताल में हुई है। बाकि की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसमें कोल्हान सहित प्रदेश के दूसरे जिले के रिपोर्ट भी शामिल है। इधर, पूर्वी सिंहभूम जिले से कुल 501 मरीजों का नमूना लिया गया। जिले से अबतक कुल 8867 लोगों का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 7560 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। बाकि 1303 नमूने की जांच चल रही है।
टाटा ट्रस्ट कराएगा कोविड 19 का निश्शुल्क प्रशिक्षण
टाटा ट्रस्ट और टाटा ग्रुप सीएमसी वेल्लूर और केयर इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइसेंस हैदराबाद द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र के व्यावसायिकों को कोविड 19 का निश्शुल्क प्रशिक्षण कराएगी। टाटा ट्रस्ट का मानना है कि कोविड 19 के इलाज के लिए बड़ी संख्या में डॉक्टर्स, नर्स व पैरामेडिकल कर्मचारियों की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में दोनो संस्थानों की मदद से क्रिटिकल केयर प्रबंधन में एयर वे मैनेजमेंट, वैंटिलेशन मैनेजमेंट, क्रिटिकल केयर कौशल के विषय पर जानकारी दी जाएगी। टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन रतन टाटा ने कहा था कि मानव जाति के कोविड 19 के रूप में सबसे कठिन चुनौती है। इससे लडऩे के लिए आपातकालीन संसाधनों को तैनात करने की आवश्यकता है। इस सोच के अनुसार ही टाटा ट्रस्ट ने यह कदम उठाया है।