पूर्वी सिंहभूम जिले में रोज टूट रहा रिकार्ड, अब 24 घंटे में 41 हजार लोगों ने ली टीका, सिर्फ दो मिले कोरोना के मरीज
पूर्वी सिंहभूम जिले में तीन दिवसीय विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को कुल 40899 लोगों को वैक्सीन दी गई। यह संख्या एक दिन में अबतक का सर्वाधिक है। उपायुक्त सूरज कुमार ने टीकाकरण कार्य से कर्मियों के अथक प्रयासों का परिणाम है कि नया रिकॉर्ड बना है।
जमशेदपुर, जासं। पूर्वी सिंहभूम जिले में तीन दिवसीय विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को कुल 40899 लोगों को वैक्सीन दी गई। यह संख्या एक दिन में अबतक का सर्वाधिक है। उपायुक्त सूरज कुमार ने अभियान की सफलता को लेकर कहा कि टीकाकरण कार्य से जुड़े सभी पदाधिकारी, कर्मियों के अथक प्रयासों का परिणाम है कि एक दिन के टीकाकरण का नया रिकॉर्ड बना है। इससे पूर्व 30 अगस्त को 29252, 29 अगस्त को 25 हजार 758, 24 अगस्त को 22 हजार 730, 23 अगस्त 2021 को 22 हजार 491 तथा 25 जून 2021 को 22 हजार 337 लोगों को कोविड टीका दी गई थी। वहीं, वरीय प्रभारी वैक्सीनेशन कोषांग सह एसडीएम धालभूम संदीप कुमार मीणा ने कहा कि लोगों में टीकाकरण को लेकर काफी जागरूकता आई है। आने वाले दिनों में टीका केंद्रों की संख्या बढ़ाते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों के टीकाकरण का प्रयास है।
साढ़े चार हजार से अधिक लोगों की हुई जांच
पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को कुल चार हजार 826 लोगों की जांच हुई। इसमें दो कोरोना के मरीज मिले। ये मरीज सोनारी व साकची के रहने वाले हैं। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 854 हो गई है। वहीं, 1057 मरीजों की मौत हुई है।
साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों का लिया गया नमूना
पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से रविवार को कुल तीन हजार 725 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट मंगलवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल 14 लाख 95 हजार 58 लोगों की जांच हुई है।
एक मरीज स्वस्थ होकर घर लौटा
महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती एक मरीज रविवार को स्वस्थ होकर घर लौटा। जिले में अभी तक 50 हजार 778 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.93 प्रतिशत है।