एनएच 33 का नया नाम भाजपा सरकार हड्डी तोड़ राष्ट्रीय पथ होगा : डॉ अजय
टाटा-रांची एनएच 33 को कांग्रेस नया नाम देगी। इसका नया नाम होगा-भाजपा सरकार हड्डी तोड़ पथ।
जेएनएन, जमशेदपुर : टाटा-रांची एनएच 33 को कांग्रेस नया नाम देगी। इसका नया नाम होगा-भाजपा सरकार हड्डी तोड़ राष्ट्रीय पथ। यह बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहीं। वे जमशेदपुर में सटे आदित्यपुर में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि टाटा-राची हाइवे (राष्ट्रीय राजमार्ग-33) मौजूदा राज्य सरकार की विफलता व दुर्दशा को दर्शा रहा है। आगामी 17 या 18 सितंबर को काग्रेस एक कार्यक्रम के तहत हाइवे के प्रमुख छह स्थानों पर बोर्ड लगाकर टाटा- राची हाइवे का नाम भाजपा सरकार हड्डी तोड़ राष्ट्रीय पथ करेगी। यह सड़क सरकार का प्रतिबिंब है। बावजूद इसके विफलताओं से भरी सरकार इस सड़क का निर्माण नहीं करा पा रही है। डॉक्टर अजय शहीद जगदेव प्रसाद युवा मंच के तत्वावधान में आयोजित शहीद जगदेव प्रसाद के पुण्यतिथि समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे।
राजनीतिक लाभ के लिए पिछड़ा बने मोदी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के पर हमला बोलते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कि खुद पिछड़ा होने का दावा करते हैं, लेकिन हकीकत में वे पिछड़ा नहीं हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के बाद मोदी अपनी जाति को पिछड़ी जाति में राजनीतिक लाभ के कारण शामिल किया था। वहीं डॉक्टर अजय कुमार ने झारखंड सरकार को भी तीखी आलोचना की।
सी प्लेन के लिए एनएच 33 सटीक
टाटा-राची हाइवे की दुर्दशा व सरकार की विफलताओं को लेकर आम लोगों के बीच जाएंगे। डॉ अजय कुमार ने कहा कि चार साल में इस सरकार ने 15 सौ करोड़ रुपये खर्च किए बावजूद आज तक इस सड़क के गढ्डे नहीं भरे जा सके हैं। वहीं केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के बयान पर भी अजय कुमार ने कहा कि परिवहन मंत्री सी प्लेन चलाने की बात करते हैं जिसके लिए टाटा राची हाइवे बिल्कुल सटीक है। क्योंकि यहा अब सड़क तो है नहीं, बल्कि तालाब बन गए हैं।
कमीशन के लिए चेन्नई से आ रहे अंडे
इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार की स्वास्थ्य और शिक्षा प्रणाली को भी कटघरे में खड़ा किया उन्होंने बताया कि स्कूलों में मिड डे मील के तहत दिए जाने वाले अंडे झारखंड से नहीं बल्कि चेन्नई से मंगाए जा रहे हैं जिसका कारण सिर्फ कमीशनखोरी है।