रेलवे महिला संगठन ने 3300 श्रमिकों को दिया राशन का पैकेट Jamshedpur News
इस महिला संगठन से जुड़ी महिलाएं रेल अधिकारियों की पत्नियां हैं जो श्रमिकों की स्थिति को देखते हुए उन्हेंं राशन मुहैया करा रही हैं।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन ( एसईआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) द्वारा अपने सभी मंडलों के संगठनों के साथ मिल कर प्रवासी श्रमिकों को खाद्य सामग्री एवं उनकी साफ सफाई हेतु जरूरी सामान देने का अभियान शुरु कर दिया है।
इसके तहत चक्रधरपुर मंडल की महिला इकाई द्वारा 3300 श्रमिकों के बीच राशन सामग्री से भरे पैकेट का वितरण किया। इस महिला संगठन से जुड़ी महिलाएं रेल अधिकारियों की पत्नियां है। जो श्रमिकों की स्थिति को देखते हुए उन्हेंं राशन मुहैया करा रही है।
ट्रेन से उतरे श्रमिकों के लिए बस की सीटों के नीचे रखे गए राशन के पैकेट
बुधवार को गुजरात से आई ट्रेन के श्रमिक जिन बसों में टाटानगर स्टेशन से सवार हुए उन बसों के सीट के नीचे पहले से ही महिला संगठन द्वारा दिए गए राशन के पैकेट को रखवा दिया गया था ताकि श्रमिकों को अधिक भार उठाना नहीं पड़े। स्टेशन से एनाउंसमेंट कर श्रमिकों को यह बताया जा रहा था कि उनके बस के सीट के नीचे राशन का पैकेट रखा है जो वे अपने घर ले जा सकते है। वे पैकेट उनके लिए ही है।
मास्क, साबुन व अन्य बहुत सारी सामग्रियां दी गईं
दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन अध्यक्ष रीता मोहंती के नेतृत्व में अध्यक्ष अंजुला साहू की देखरेख में बुधवार को गुजरात से आई श्रमिक स्पेशल ट्रेन के श्रमिकों के बीच संगठन की ओर से मास्क, लाइफबॉय साबुन, कोलगेट पेस्ट, चूड़ा, गुड़, सत्तू , नमक, बिस्कुट, बांटा गया। इस मौके पर अंजूला साहू, नीलू पटेल, कविता अग्रवाल, दिव्या राव, बीनू माथुर सहित अन्य सदस्यों ने खुद उपस्थित होकर श्रमिकों के बीच राशन सामग्री का वितरण किया।