Jharkhan Election Results 2019 रघुवर की किचन कैबिनेट ने बिगाड़ा भाजपा का खेल Jamshedpur News
Jamshedpur East Jharkhans Assebly Election 2019 न सरयू का टिकट कटता ना ही प्रदेश में भाजपा की लुटिया डूबती। खुद मुख्यमंत्री को भी हार का सामना नहीं करना पड़ता।
जमशेदपुर (जासं)। Jamshedpur East Jharkhans Assebly Election 2019 भाजपा की हार खास तौर से पूर्वी सिंहभूम के भाजपाई किलों के ध्वस्त होने के बाद कार्यकारी मुख्यमंत्री रघुवर दास की किचन कैबिनेट चर्चा में है।
कहा जा रहा है कि भाजपा का खेल बिगाडऩे में किचन कैबिनेट का बड़ा हाथ रहा है। आरोप लगाए जा रहे हैं कि रघुवर दास के सिपहसालारों ने न केवल ऐसे काम किए जिससे जनता के बीच सीएम की छवि को धक्का लगा बल्कि उन्हीं की गलत सलाह के चलते जमशेदपुर पश्चिम समेत अन्य विधानसभा सीटों पर भी पार्टी की हार का कारण बने।
सरयू का टिकट काटने पर अड़ गए थे रघुवर
कहा जा रहा है कि रघुवर दास अपने इन्हीं खास सिपहसालारों की सलाह पर ही जमशेदपुर पश्चिम से भाजपा के दिग्गज नेता सरयू राय का टिकट काटने के लिए अड़ गए थे। सियासतदानों का मानना है कि सरयू का टिकट काटना सीएम रघुवर दास की रणनीतिक गलती थी। अंदरूनी सूत्रों के अनुसार एक मंझे हुए राजनीतिज्ञ होने के नाते रघुवर कभी भी ऐसा फैसला नहीं ले सकते थे। लेकिन, जब भी किचन कैबिनेट में शामिल लोगों से उनका सामना होता था, ये लोग सीएम को ये बताते थे कि विरोधियों को किनारे करने का यही मौका है।
होते चले गए बचकाने फैसले
किचन कैबिनेट में शामिल नेताओं के चलते ही इस बार चुनाव में ऐसे बचकाने फैसले होते गए जिसका चुनावी परिदृश्य पर खराब असर पड़ा। राजनीतिज्ञ अपनी इस बात की पुष्टि में कई मजबूत दलील पेश करते हैं। उनका कहना है कि अगर सरयू राय का टिकट नहीं कटता तो पूर्वी सिंहभूम में दो सीटें पक्की थीं। एक जमशेदपुर पूर्वी की खुद रघुवर दास की सीट और दूसरी सरयू राय की जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट। माना जा रहा है कि सरयू राय ने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट पर मतदान के बाद बाहर निकल कर प्रदेश की कई अन्य सीटों पर भी प्रचार किया। इससे भी पार्टी के खिलाफ माहौल बना और प्रदेश में पार्टी तितर-बितर हो गई।
कार्यकर्ता भी निकाल रहे किचन कैबिनेट के खिलाफ भड़ास
चुनाव में भाजपा की हार के बाद पार्टी के कार्यकर्ता और बूथ कमेटी के लोग भी सीएम की किचन कैबिनेट के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। कार्यकारी मुख्यमंत्री रघुवर दास की चुनाव समीक्षा मीटिंग में कार्यकर्ताओं ने किचन कैबिनेट में शामिल पार्टी के सिपहसालारों का नाम ले लेकर शिकायत की थी।
ये कहते अध्यक्ष
ऐसा कुछ नहीं है। ये सिर्फ चर्चा है। विपक्षी भाजपा के वफादारों को बदनाम कर रहे हैं।
दिनेश कुमार, नगर अध्यक्ष भाजपा