रघुवर दास अब भी झारखंड के मुख्यमंत्री, पूरी खबर पढिए तो सही Jamshedpur News
शिक्षा विभाग के टैब में रघुवर दास अब भी झारखंड के मुख्यमंत्री हैं। शिक्षक पूर्व मुख्यमंत्री का संदेश सुन हाजिरी बना रहे हैं। इससे विभाग व सरकार की किरकिरी हो रही है।
जमशेदपुर, जासं। Raghubar Das विधानसभा चुनाव के बाद झारखंड में भले ही हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बन गए हों, लेकिन शिक्षा विभाग के टैब में अब भी झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ही हैं। शिक्षक आज भी पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का चेहरा देखकर व संदेश सुनकर हाजिरी बना रहे हैं।
कोल्हान समेत राज्य के सभी सरकारी स्कूल शुक्रवार से खुल गए, जबकि पढ़ाई छह जनवरी से होगी। शिक्षक स्कूल पहुंचे और विभागीय आदेश के अनुसार बायोमीट्रिक हाजिरी भी स्कूलों को प्रदान किए गए टैब से बनाई। चुनाव के दौरान ये टैब बंद हो गए थे। जैसे ही इस टैब से शिक्षकों ने हाजिरी बनाना प्रारंभ किया, तो इसमें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का चेहरा दिखाई पड़ा और उनका डिजिटल इंडिया पर संदेश भी सुनाई पड़ा। इससे विभाग और सरकार की किरकिरी हो रही है।
चुनाव के दौरान लगी थी रोक
पूर्व मुख्यमंत्री की आवाज और चेहरा होने के कारण ही लोकसभा चुनाव में शिक्षकों को टैब से हाजिरी बनाने पर रोक लगा दी गई थी। इस समस्या को दूर करने की कोशिश ही नहीं की गई। इसके बाद विधानसभा चुनाव आ गया। इसमें भी टैब के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई। अब शिक्षक फिर से उसी टैब से हाजिरी बनाने लगे हैं। इस टैब से पूर्व मुख्यमंत्री का चेहरा व संदेश कब हटेगा, कोई नहीं बता पा रहा है। मालूम हो कि पूरे राज्य में 35 हजार टैब की खरीदारी की गई थी। एक टैब के लिए विभाग की ओर से 13 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया था।
शिक्षक कर रहे आदेश का पालन
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को इस ओर ध्यान देना चाहिए था। शिक्षक सिर्फ आदेश का पालन कर रहे हैं। बायोमीट्रिक हाजिरी नहीं बनाने पर शिक्षकों को वेतन काट दिया जाता है।
- सुनील कुमार, प्रदेश सलाहकार, अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, झारखंड