अनुमान 30 हजार का था, आ गए साढ़े 59 हजार : सरयू
कार्यकर्ता सम्मान समारोह के दौरान सरयू राय ने पत्रकारों से कहा कि पहली बार इस विधानसभा से भाजपा को इतने अधिक मत मिले हैं।
जमशेदपुर (जासं)। इस बार लोकसभा चुनाव में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के खाते में साढ़े 59 हजार वोट आए, जबकि उनका अनुमान 30 हजार का था।
ये बातें झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री व जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहीं। शनिवार को बिष्टुपुर स्थित आवास पर कार्यकर्ता सम्मान समारोह के दौरान सरयू ने पत्रकारों से कहा कि पहली बार इस विधानसभा से भाजपा को इतने अधिक मत मिले हैं। निश्चित रूप से इसके लिए क्षेत्र की जनता और भाजपा कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बिना किसी के कहे 10-20 के समूह में घर-घर घूमकर प्रचार किया। इनका प्रचार भी आक्रामक रहा।
एक सवाल के जवाब में सरयू ने कहा कि यह माहौल अभी देश भर में रहेगा। विधानसभा चुनाव में भी मोदी की हवा चलेगी, इसमें कोई शक नहीं है। उस समय भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह यहां प्रचार करने आएंगे, कहेंगे कि उनकी योजनाओं को धरातल पर उतारना है तो झारखंड में भी हमें जिताएं। बात सही भी है। आंध्रप्रदेश समेत कुछ राज्यों ने आयुष्मान योजना अपने यहां लागू नहीं की। जनता भी यह बात अच्छी तरह समझती है कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार का क्या लाभ होता है। सिर्फ नारा नहीं, पांच साल में लोगों ने काम भी देखा है। हालांकि सरयू ने इसी बातचीत में इससे पहले कहा कि कोई मुगालते में नहीं रहे कि अपने काम से जीते हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप