अंतर्देशीय पत्र पर इस पीएम आवास ने बनाई जगह, पीएम भी कर चुके जिक्र, जानिए क्या है खासियत
झारखंड के जमशेदपुर के बालीगुमा में बने पीएम आवास की तस्वीर डाक विभाग ने अपने अंतरदेशीय पत्र पर जारी की है। इस आवास की खासियत आपको हैरान करेगी।
जमशेदपुर, जासं। झारखंड के जमशेदपुर के बालीगुमा में घटक चार के तहत बनाया गया पीएम आवास इतिहास में दर्ज हो गया है। बालीगुमा निवासी संजय धारा का आवास 2017-18 में बना था। जिसका राष्ट्रीय स्तर पर नाम हुआ था। इस आवास की तस्वीर को अब डाक विभाग ने अंतरदेशीय पत्र पर जगह दी है।
मानगो नगर निगम द्वारा संजय धारा के मकान पर झारखंड की कला- संस्कृति को प्रदर्शित किया गया है। इसकी राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा हो रही है। संजय धारा के आवास की तस्वीर को भारत सरकार के डाक विभाग ने अपने अंतरदेशीय पत्र पर चित्रित किया है। यह जानकारी मिलते ही मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय, सिटी मैनेजर देवाशीष प्रधान, दिनेश्वर यादव, श्रीनिवास राव बालीगुमा स्थित संजय धारा के आवास पर पहुंचे और उन्हें सम्मानित किया।
प्रधानमंत्री भी कर चुके हैं इस आवास का जिक्र
सिटी मैनेजर देवाशीष प्रधान ने बताया कि घटक चार के तहत संजय धरा को नगर निगम की ओर से 2.25 लाख रुपये दिए गए थे, बाकि मकान बनाने में श्रम के तौर पर संजय धरा व उनके परिवार ने योगदान दिया। इसके बाद आवास बन जाने पर उसकी पेंटिंग नगर निगम की ओर से कराई गई थी। झारखंड की कला- संस्कृति को पेंटिंग से संजय के आवास पर उकेर दिया गया था। यह आवास इतना सुंदर था कि तत्कालीन केंद्रीय मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक अपने संबोधन में मानगो का इस आवास का जिक्र कर चुके थे।