2022 तक हर गरीब को पक्का आवास : विद्युत
संवाद सूत्र, चाकुलिया : भारतीय जनता पार्टी का प्रखंड स्तरीय लाभार्थी सम्मेलन शनिवार को शहर के पुराना
संवाद सूत्र, चाकुलिया : भारतीय जनता पार्टी का प्रखंड स्तरीय लाभार्थी सम्मेलन शनिवार को शहर के पुराना बाजार स्थित टाउन हॉल परिसर में आयोजित किया गया। इसमें लोगों को केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार की उपलब्धियों एवं विगत चार वर्षों में किए गए जनहित के कार्यों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में विकास का काम तेजी से हुआ है। महिला, किसान एवं गरीबों के कल्याण के लिए जो योजनाएं चलाई गई हैं, उनका लाभ उन्हें मिला है। इस क्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उजाला योजना, जनधन योजना, मुद्रा लोन योजना, स्वास्थ्य बीमा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, सौभाग्य योजना आदि का जिक्र किया। सांसद ने कहा कि मोदी सरकार अपने काम के दम पर 2019 में दोबारा सत्ता में आएगी। 2022 तक देश के हर गरीब परिवार को पक्का आवास मुहैया किया जाएगा। झामुमो का नाम लिए बगैर सांसद ने कहा कि झारखंड में आदिवासी हित के नाम पर राजनीति करनेवालों ने ही सबसे अधिक उन्हें लूटा है। सम्मेलन में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान व मजदूर को समर्पित है। पूरे देश में लगभग नौ करोड़ लोगों को पक्का आवास दिया जा चुका है। हमने माताओं एवं बहनों को लकड़ी के चूल्हे से मुक्ति दिलाई। गरीबों के पक्का मकान का सपना पूरा किया। जनधन योजना के तहत 25 करोड़ लोगों के बैंकों में खाते खुलवाए तथा उन्हें आधार से जोड़ा गया ताकि बिचौलिए गरीबों की राशि हड़प न सकें। जिलाध्यक्ष सरोज महापात्रा ने कहा कि भाजपा सरकार के जनहित के कार्यों को देखकर विपक्ष बौखला गया है। जमीन अधिग्रहण बिल पर लोगों को गुमराह कर रहा है। सरकार लोगों की जमीन का अधिग्रहण जनहित के कार्यों के लिए करेगी ना की उद्योग धंधे खोलने के लिए। सरोज ने कहा कि भाजपा सरकार की सारी योजनाओं को बहरागोड़ा विधायक अपनी अनुशंसा से पारित बताकर झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। सम्मेलन में जिला उपाध्यक्ष दिनेश ¨सह, समीर महंती, दिनेश साव, चंडी चरण साव, शंभूनाथ मल्लिक, शतदल महतो, संध्या रानी सरदार, सुदीप पटनायक, विनीत रूंगटा, जगन्नाथ महतो, सुशील शर्मा, त्रिलोचन राणा, मेघी मुंडा, रायसेन सोरेन, चंदन महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे।