धुन बजाएं या गाना गाएं..., ईनाम पाएं
झारखंड में फिल्म निर्माण से जुड़ी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हुए कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के उदेश्य से सोअनम संस्था द्वारा ‘सोअनम कला संगम-2’ के तहत झारखंड राज्य स्तरीय ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन हर महीने किया जा रहा है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। झारखंड में फिल्म निर्माण से जुड़ी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हुए कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के उदेश्य से सोअनम संस्था द्वारा ‘सोअनम कला संगम-2’ के तहत झारखंड राज्य स्तरीय ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन हर महीने किया जा रहा है।
संस्था के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह ने बताया कि इसी कड़ी में एक दिसंबर से अगली प्रतियोगिता ‘धुन बजाएं व गायन प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत धुन बजाएं प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागी किसी भी वाद्ययंत्र द्वारा कोई भी धुन बजाते हुए या कोई भी गीत गाते हुए अधिकतम तीन मिनट की वीडियो प्रविष्टि के रूप में भेजेंगे। ध्यान रहे इन प्रतियोगिताओं में कराओके म्यूजिक व शास्त्रीय संगीत वर्जित होगा।
धुन बजाएं प्रतियोगिता के लिए निर्णायक के रूप में शहर के बांसुरीवादक अशोक दास व तबला वादक अग्नि मोहंती और गायन प्रतियोगिता के निर्णायक संगीत के प्राध्यापक व गायक डा. सनातन दीप व शिक्षक व पंकज झा होंगे।
कार्यक्रम के समन्वयक राजेश कुमार ने बताया कि उक्त दोनों प्रतियोगिता कुल चार वर्गों में होगी, जिसमें वरिष्ठ पुरुष व वरिष्ठ महिला (21 वर्ष से ऊपर) व कनिष्ठ पुरुष व महिला वर्ग (21 वर्ष से नीचे) होंगे। प्रथम विजेता को प्रमाणपत्र व पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। .
प्रतिभागी प्रतियोगिता की प्रविष्टि 1-15 दिसम्बर तक वाट्सएप नंबर 8210486905 पर भेजना है। इसका परिणाम 25 दिसंबर को घोषित किया जाएगा। इस संबंध में संस्था की ऑनलाइन बैठक हुई, जिसमें नंदकुमार सिंह, मनोज कुमार, सीता सिंह, कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार, अमित कुमार सिंह, सुशांत कुमार, सोमनाथ चक्रवर्ती, संजय दत्ता, सुमित मित्तल आदि शामिल थे।