Covid 19 Jamshedpur Latest News : इनका रवैया साबित हो सकता खतरनाक, विदेशों से जमशेदपुर से लौटे लोग छुपा रहे अपनी पहचान
Covid 19 Jamshedpur Latest News. कोरोना के नए स्ट्रेन के बीच सेंटर प्वाइंट होटल में ठहरे 11 विदेशी नागरिकों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से चिंता बढ़ गई है। उससे भी बड़ी चिंता यह है कि विदेश से जमशेदपुर आनेवाले लोग अपनी पहचान छिपा रहे हैं।
जमशेदपुर, जासं। विदेशों से लौटे लोग अपनी पहचान छुपा रहे हैं, जो जमशेदपुर के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। वैसे लोगों की पहचान करने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक टीम गठित की गई है लेकिन इस महामारी में जब तक सभी लोगों का सहयोग नहीं मिलेगा तब तक बीमारी पर नियंत्रण पाना मुश्किल है।
देश में कोरोना के साथ-साथ अब नए वायरस स्ट्रेन भी तेजी से फैल रहा है, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही महंगा पड़ सकती है।
गुरुवार को शहर में 11 विदेशी में कोरोना वायरस के पुष्टि होने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। इधर, गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल दो हजार 740 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें 31 पॉजिटिव मिले। संक्रमित मरीजों में 30 शहरी क्षेत्र, एक पोटका के रहनेवाले हैं। वहीं, शहरी क्षेत्रों में बिष्टुपुर, साकची, बागबेड़ा, कदमा, मानगो, सोनारी, बिरसानगर सहित अन्य क्षेत्रों के मरीज शामिल हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हजार 616 हो गई है।
2445 संदिग्धों का लिया गया नमूना
गुरुवार को दो हजार 445 संदिग्धों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। अबतक 473685 का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 446438 का रिपोर्ट निगेटिव आई है।
30 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
एमजीएम, टीएमएच सहित विभिन्न कोविड वार्ड से कुल 30 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अब तक कुल 17014 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।