Move to Jagran APP

गोपालन से लोग बन सकते हैं आत्मनिर्भर : द्रौपदी

प्रदेश की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि गोवंश की रक्षा सिर्फ गोशालाओं का दायित्व नहीं बल्कि हर मनुष्य का कर्तव्य है। गोपालन के जरिये लोग आत्मनिर्भर बन सकते हैं। गाय का सिर्फ दूध ही नहीं इसका गोबर एवं गोमूत्र भी काफी उपयोगी होता है..

By JagranEdited By: Published: Mon, 01 Feb 2021 06:10 AM (IST)Updated: Mon, 01 Feb 2021 06:10 AM (IST)
गोपालन से लोग बन सकते हैं आत्मनिर्भर : द्रौपदी
गोपालन से लोग बन सकते हैं आत्मनिर्भर : द्रौपदी

संसू, चाकुलिया : प्रदेश की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि गोवंश की रक्षा सिर्फ गोशालाओं का दायित्व नहीं बल्कि हर मनुष्य का कर्तव्य है। गोपालन के जरिये लोग आत्मनिर्भर बन सकते हैं। गाय का सिर्फ दूध ही नहीं इसका गोबर एवं गोमूत्र भी काफी उपयोगी होता है। इसलिए शास्त्रों में भी गाय को माता का दर्जा दिया गया है। राज्यपाल रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिला के चाकुलिया में राज्य गो सेवा आयोग के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय पुरुषोत्तम झुनझुनवाला की मूर्ति अनावरण समारोह को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय झुनझुनवाला गो सेवा के प्रति समर्पित समाजसेवी थे। उनकी प्रतिमा युवा पीढ़ी को गौ सेवा के प्रति प्रेरित करेगी। झुनझुनवाला एक सफल उद्योगपति होने के साथ-साथ समाज से जुड़े हुए व्यक्ति थे। उनका ध्यान व्यवसाय से अधिक समाजसेवा पर रहता था। गो सेवक के रूप में उन्होंने देश भर में ख्याति अर्जित की थी। चाकुलिया गोशाला का अध्यक्ष बनने के बाद वे इसे नई ऊंचाई पर ले गए थे। गोवंश से मिलने वाले पंचगव्य का प्रयोग औषधि के रूप में कर उन्होंने बता दिया था कि कैसे गाय पालकर स्वावलंबी बना जा सकता है। राज्यपाल ने कहा कि सिर्फ गोशालाओं के बूते गो संपदा का संरक्षण नहीं हो सकता। इसके लिए समाज को जागरूक होकर आगे आना होगा। सिर्फ गाय ही नहीं प्रकृति से जुड़ी हर चीज जैसे नदी, पेड़-पौधे आदि का संरक्षण भी जरूरी है। तभी इस धरती पर हमारा अस्तित्व बन सकता है। समारोह के दौरान राज्यपाल ने झुनझुनवाला के जीवन पर आधारित एक पत्रिका का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में कोल्हान आयुक्त मनीष रंजन, डीआइजी राजीव रंजन सिंह, जमशेदपुर डीसी सूरज कुमार, एसएसपी एम तमिलवणन, डीडीसी परमेश्वर भगत, डीआरडीए निदेशक सौरव सिन्हा, एडीएम एनके लाल, एनईपी निदेशक ज्योत्सना सिंह, घाटशिला एसडीओ सत्यवीर रजक गौशाला अध्यक्ष गिरधारी गोयनका, सचिव संजय लोधा, स्वर्गीय झुनझुनवाला के पुत्र अजय, अशोक, पुत्री अनीता, रवि झुनझुनवाला समेत गौशाला के पदाधिकारी एवं प्रशासन के लोग शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान चाक-चौबंद नजर आई सुरक्षा व्यवस्था : हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे पर तैनात सुरक्षा बलों के जवान। सड़क के दोनों तरफ तथा दूर झाड़ियों में भी मुस्तैद पुलिस कर्मी। निगाह ऐसी चौकस कि परिदा भी न मार सके पर। जी हां, कुछ ऐसी ही चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रविवार को चाकुलिया में राज्य की प्रथम नागरिक के दौरे को लेकर की गई थी। एक तरह से कोल्हान प्रमंडल का पूरा प्रशासनिक अमला रविवार को चाकुलिया उमड़ पड़ा था। प्रमंडल से लेकर प्रखंड स्तर तक के तमाम प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद थे। इस दौरान राज्यपाल के प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन का विशेष ध्यान रहा। निर्धारित समय से करीब 10 मिनट विलंब 12:40 बजे राज्यपाल का हेलीकॉप्टर पिजरापोल गोशाला के मैदान में बने हेलीपैड पर उतरा। मौके पर मौजूद कोल्हान आयुक्त मनीष रंजन व पुलिस महानिरीक्षक राजीव रंजन सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर राज्यपाल की अगवानी की। जमशेदपुर डीसी सूरज कुमार, एसएसपी एम तामिल वणन के अलावा गोशाला कमेटी के पदाधिकारियों ने भी राज्यपाल का स्वागत किया। इसके बाद उन्हें मौके पर गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल के बीच रास्ते में जगह-जगह सशस्त्र बलों के जवान तैनात थे। बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई थी। गोशाला पहुंचते ही राज्यपाल ने सबसे पहले कृष्ण मंदिर में दीप जलाया। फिर गो पूजन कर गायों को चारा खिलाया। इसके बाद झुनझुनवाला की मूर्ति का अनावरण किया। यहां कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उनके हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरा एवं एरोड्रम पहुंचा। वहां उतरने के बाद राज्यपाल ध्यान फाउंडेशन गोशाला गईं। गोशाला भ्रमण के बाद जब राज्यपाल को वापस हेलीपैड लौटीं तो हेलीकॉप्टर में चढ़ने से पूर्व सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों ने उनके साथ फोटो खिचवाया। इनमें आयुक्त, डीआइजी, उपायुक्त, एसएसपी के अलावा ग्रामीण एसपी सुभाष चंद्र जाट, डीडीसी परमेश्वर भगत, डीआरडीए निदेशक सौरव सिन्हा, एडीएम विधि व्यवस्था नंदकिशोर लाल, एनईपी निदेशक ज्योत्सना सिंह, डीटीओ दिनेश रंजन, घाटशिला एसडीओ सत्यवीर रजक एसडीपीओ आरके मेहता आदि शामिल थे। घाटशिला एसडीपीओ हुए सम्मानित : राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजकुमार मेहता को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसडीपीओ को वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में बेहतर कार्य व कोविड 19 के दौरान बेहतर सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया है। राज्यपाल ने चाकुलिया एयरपोर्ट पर एसडीपीओ को अपने हाथों प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जानकारी हो कि एसडीपीओ के रूप में राजकुमार मेहता ने वैश्विक महामारी कोविड 19 के दौरान जनमानस की सेवा के क्षेत्र में काफी बेहतर कार्य किया है। कोविड के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एसडीपीओ ने स्वयं पुलिस टीम के संग सड़कों पर उतर कर लोगों को जागरूक करने का काम किया। लॉकडाउन के दौरान नियमों के पालन कराने में हमेशा तत्पर दिखे। चुनाव व कोविड में बेहतर कार्य करनेवाले सम्मानित : पिछले विधानसभा चुनाव एवं उसके बाद कोविड-19 नियंत्रण को लेकर बेहतर कार्य करने वाले प्रशासन एवं पुलिस के 11 पदाधिकारियों को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। गौशाला में आयोजित कार्यक्रम के बीच ही उपायुक्त सूरज कुमार के अनुरोध पर राज्यपाल ने पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। राज्यपाल के हाथों सम्मानित होने वालों में एसपी सुभाष चंद्र जाट, डीडीसी परमेश्वर भगत, एडीएम विधि व्यवस्था नंदकिशोर लाल, डीटीओ दिनेश रंजन, डीआरडीए निदेशक सौरव सिन्हा एनईपी निदेशक ज्योत्सना सिंह, घाटशिला एसडीओ सत्यवीर रजक, मुसाबनी बीडीओ सीमा कुमारी, धालभूमगढ़ बीडीओ शालिनी खलखो आदि शामिल थे। राज्यपाल ने मुसाबनी बीडीओ को किया सम्मानित : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होकर मुसाबनी की बीडीओ सीमा कुमारी की हिम्मत और हौसला दोगुना बढ़ गया है। गुड़ाबांदा प्रखंड में बीडीओ के पद पर रहते हुए उन्होंने अपनी कार्यशैली से ग्रामीणों को प्रभावित किया। जहां लोग दिन में भी जाने से डरते थे उस गुड़ाबंदा में सीमा कुमारी ने पदस्थापना का पूरा कार्यकाल मुख्यालय में रहकर गुजारा। उन्होंने सबसे पिछड़े एवं बीहड़ गांव सूर्याबेड़ा को गोद लेकर विकास की किरण पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है। कोविड-19 के समय उन्होंने सीटीसी श्वासपुर में बने वाराणसी सेंटर एवं कोविड-19 सेंटर में दिन रात सेवा देकर अपनी क्षमता का लोहा मनवाया था। यहां बीडीओ सीमा कुमारी ने अपने हाथों से रोटी बेलकर क्वारंटाइन हुए लोगों को खिलाई। क्वारंटाइन में रहे लोगों को यूसिल और अन्य स्त्रोत से लजीज व्यंजन की व्यवस्था कराकर उन्होंने हर कोरोना मरीज का दिल जीत लिया था। कोविड-19 संक्रमण काल में बीडीओ सह अंचल अधिकारी सीमा कुमारी द्वारा उत्कृष्टतम कार्य की सराहना करते हुए राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें रविवार को चाकुलिया में आयोजित कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिसमें सीमा कुमारी द्वारा 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव में सराहनीय कार्य करने की भी प्रशंसा की गई है। राज्यपाल से प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने के पश्चात उन्होंने अपनी टीम को धन्यवाद प्रकट किया।

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.