जमशेदपुर के कदमा में खरकई नदी काे घेरकर बन रहा पार्क, विधायक सरयू ने कही ये बात
झारखंड के जमशेदपुर के कदमा स्थित आदित्यपुर टॉल ब्रिज के पास खरकई नदी के अंदर घेरकर पार्क बनाया जा रहा है। यह देखकर स्थानीय निवासी भी हैरान हैं। उनका कहना है कि यह तो सीधे-सीधे नदी का अतिक्रमण है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। झारखंड के जमशेदपुर के कदमा स्थित आदित्यपुर टॉल ब्रिज के पास खरकई नदी के अंदर घेरकर पार्क बनाया जा रहा है। यह देखकर स्थानीय निवासी भी हैरान हैं। उनका कहना है कि यह तो सीधे-सीधे नदी का अतिक्रमण है। आम आदमी ऐसा करे तो उसे जेल तक की सजा हो सकती है। सरकार और जिला प्रशासन को इस पर तत्काल संज्ञान लेना चाहिए।
पर्यावरणविद मनोज कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी नदी का बेसिन तो दूर, कैचमेंट एरिया में कोई पक्का निर्माण करना और उसे प्रभावित करना अपराध है। नदी के बेसिन में तो कतई छेड़छाड़ नहीं किया जा सकता है। झारखंड के खनन इलाके और शहरी क्षेत्र में यही किया जा रहा है। माइनिंग एरिया में अयस्क की डंपिंग की जा रही है, तो जमशेदपुर में नदी किनारे मेरीन ड्राइव बनाकर नदी के किनारों को ब्लॉक कर दिया गया है। इसकी वजह से नदी का पानी प्राकृतिक रूप से आसपास के इलाकों में अंदर-अंदर पसर नहीं पाता है, जिससे बारिश के दिनों में बाढ़ आ जाती है। गर्मी के दिनों में भी यहां की नदियां सूख जाती हैं, क्योंकि कैचमेंट एरिया से वापस पानी नदी में नहीं आ पाता है। नदी के किनारों पर सड़क बनाएं, लेकिन उसके किनारों को सील नहीं करना चाहिए।
सरयू ने कहा-तत्काल रुके काम
उधर, पर्यावरणविद व विधायक सरयू राय ने कहा कि मुझे इसकी सूचना सोमवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी। मंगलवार को सुबह देखा कि जमशेदपुर टॉल ब्रिज के पास खरकई नदी में अतिक्रमण हो रहा है। पता चला कि ऐसा टाटा स्टील की कंपनी जुस्को (टाटा स्टील यूटीलिटीज इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सर्विसेज लिमिटेड) कर रही है। उपायुक्त व जुस्को जीएम से पूछा तो पता चला कि नदी भरकर पेड़ लगेगा। इसे विडंबना ही कहा जा सकता है कि समझदार लोग भी ऐसी सोच रखते हैं! सरयू ने कहा कि इसे तत्काल रोका जाए, वरना इसका दुष्परिणाम होगा।