सड़क दुर्घटना में घायल हुआ पार्सल वाहन चालक, एमजीएम रेफर
मंगलवार की सुबह फुलडूंगरी स्थित पावड़ा गांव के समीप एनएच-18 पर ट्रक व पार्सल वाहन की टक्कर में पार्सल वाहन चालक श्रावण महतो (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने चालक को ट्रक से सुरक्षित निकला और एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने प्राथमिक चिकित्सा करने के बाद घायल को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम रेफर कर दिया..
संवाद सहयोगी, घाटशिला : मंगलवार की सुबह फुलडूंगरी स्थित पावड़ा गांव के समीप एनएच-18 पर ट्रक व पार्सल वाहन की टक्कर में पार्सल वाहन चालक श्रावण महतो (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने चालक को ट्रक से सुरक्षित निकला और एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने प्राथमिक चिकित्सा करने के बाद घायल को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम रेफर कर दिया। चालक के दाएं पैर में गंभीर चोट लगी हैं। घायल श्रवण महतो ने बताया कि वह विप्रा ट्रांसपोर्ट के तहत संचालित कुरियर पार्सल वाहन चलाता है। कोलकाता से पार्सल लेकर रांची के लिए रवाना हुआ था। हिरण के पोस्टमार्टम के दौरान हुई वीडियो रिकॉर्डिग : यूसिल जादूगोड़ा आवासीय कालोनी में सोमवार को जंगल से भटक कर एक हिरण घुस आया था। जिसे पकड़कर जादूगोड़ा थाना व यूसिल के सुरक्षा कर्मी को सौंप दिया गया था। वन कर्मी पहुंचते इससे पहले ही हिरण ने दम तोड़ दिया था। मंगलवार को वरीय अधिकारियों के आदेश में पशु चिकित्सा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी संजीव कुमार ने हिरण का पोस्टमार्ट किया। मौके पर वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। वन क्षेत्र पदाधिकारी, मुसाबनी, स्थानीय ग्राम प्रधान व करीब 50 से ज्यादा लोगों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम हुआ। पशु चिकित्सक संजीव कुमार ने बताया कि प्रथम ²ष्टया हिरण की मौत सदमे से हुई है। पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को दफना दिया गया। अवैध सफेद पत्थर लदा ट्रैक्टर जब्त : नरसिंहगढ़ के वनपाल बुद्धदेव ने मंगलवार की शाम देडांग सुरक्षित वन क्षेत्र से अवैध सफेद पत्थर लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है। ट्रैक्टर में लगभग एक सौ सीएफटी सफेद पत्थर लदा हुआ था। वन अधिकारियों की टीम को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। बाद में वनपाल ने ट्रैक्टर सहित पत्थरों को जब्त कर क्षेत्रीय वन पदाधिकारी चाकुलिया परिसर में लाया तथा इस बारे में अज्ञात व्यक्ति पर एक मामला दर्ज किया। छापामारी दल में वनपाल बुद्धदेव के नेतृत्व में वनरक्षी विश्वजीत महापात्र एवं प्रवीण चंद्र महतो शामिल थे। बुरुडीह डैम स्थित पहाड़ से गिरकर घायल हुई छात्रा : मंगलवार को कालचिति पंचायत स्थित बुरुडीह डैम में पिकनिक मनाने के दौरान 13 वर्षीय पायल महतो पहाड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्वजनों व स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से उसे तत्काल निजी वाहन से लहूलुहान स्थिति में अनुमंडल अस्पताल लाया गया। अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डा. उदय प्रकाश ने पायल महतो का प्राथमिक उपचार किया और दवाइयां दी। इस दुर्घटना में पायल के सिर पर गंभीर चोट लगी है। शिक्षक नवीन कुमार महतो ने बताया कि पिकनिक मनाने के लिए पश्चिमी मेदनीपुर से कोचिंग सेंटर में अध्ययनरत 80 छात्र-छात्राएं बुरुडीह डैम आए थे। इस दौरान पहाड़ पर चढ़ने-उतरने के क्रम में पायल फिसल कर गंभीर रूप से घायल हो गई। बेहतर इलाज के उसे मेदनीपुर ले जाया जाएगा। टाटा सूमो की टक्कर से घायल हुए दो बाइक सवार : धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सोनाखून गांव के समीप एनएच-18 पर मंगलवार की सुबह टाटा सूमो की चपेट में आकर बाइक सवार दो व्यक्ति वीरेन गिरी (37) व दुर्योधन मांझी (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने एंबुलेंस से घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा। अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डा. उदय प्रकाश ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया और दवाइयां दी। इस दुर्घटना में वीरेन गिरी को दांए पैर के घुटने में गहरी चोट लगी है। जबकि उसके मित्र दुर्योधन मांझी के चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट लगी है। घायल वीरेन गिरी ने बताया कि वे मूल रूप से जादूगोड़ा स्थित आसनबोनी गांव के निवासी हैं। मंगलवार की सुबह अपने दुर्योधन मांझी के साथ बाइक से बहरागोड़ा के बेहड़ा गांव स्थित बेटी के ससुराल से वापस अपने घर जा रहे थे। इस दौरान घाटशिला से आ रही टाटा सूमो ने सामने से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।