बहरागोड़ा के लोधनशोल में करंट से एक व्यक्ति की मौत Jamshedpur News
बहरागोड़ा इलाके में करंट से एक व्यक्ति की जान चली गई। हादसा चिंगड़ा पंचायत के लोधनशोल गांव में हुआ। मृतक नेतरा गोप की उम्र 50 वर्ष थी।
बहरागोड़ा(पूर्वी सिंहभूम), जेएनएन। पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला अनुमंडल के बहरागोड़ा इलाके में करंट से एक व्यक्ति की जान चली गई। हादसा चिंगड़ा पंचायत के लोधनशोल गांव में हुआ। मृतक नेतरा गोप की उम्र 50 वर्ष थी।करंट लगने के बाद लोग उसे लेकर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना के बाद बहरागोड़ा थाना के अवर निरीक्षक यकीन अंसारी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने कागजी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया। मृतक के पुत्र संजय गोप ने बताया कि धान झाड़ने के लिए बिजली बोर्ड में प्लग लगाने के दौरान शार्ट सर्किट हो गया। नेतरा गोप ने चप्पल नहीं पहन रखे थे। उन्हें बिजली का जोर का झटका लगा और वे बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन उनकी सांसों की डोर टूट गई।
झामुमो नेताओं ने परिजनों को बंधाया ढांढस
इधर, सूचना मिलते ही सीएचसी पहुंच कर झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, रास बिहारी साहू, गौरी शंकर महतो ने मृतक के परिवार के सदस्यों को को सांत्वना दी। नेतरा गोप के एक बेटी है जिसकी शादी हो गई है। एक पुत्र संजय गोप है।