Coronavirus Jamshedpur Update: जमशेदपुर में मिला एक और कोरोना पॉजिटिव, कुल चार हुई संख्या
संक्रमित को पटमदा का निवासी बताया जा रहा है। वह हाल ही में चेन्नई से लौटा था। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के वायरोलोजी लैब की गई नमूने की जांच में पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। जमशेदपुर में कोरोना पॉजिटिव मिलने का क्रम जारी है। महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज स्थिति वायरोलोजी लैब में शुक्रवार को एक और नमूना कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमित को पटमदा का निवासी बताया जा रहा है। वायरोलोजी लैब ने इसकी पुष्टि की है।
इस संक्रमित मिलने के साथ ही पूर्वी सिंहभूम में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या चार हो गई है। सबसे पहले चाकुलिया में एक साथ दो कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे जब युवक व युवती में संक्रमण की पुष्टि हुई। दोनों ही कोलकाता से लौटे थे। इसके बाद गुरुवार को एक प्रवासी श्रमिक को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। यह श्रमिक भी पश्चिम बंगाल से लौटा था और एमजीएम अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। भर्ती कराने के दो दिन बाद आई जांच रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इसके साथ ही प्रशासनिक हलचल और तेजी बढ़ गई। तभी शुक्रवार की शाम को पटमदा निवासी तीसरे मरीज के संक्रमित होने की पुष्टि हो गई।
चेन्नई से लौटा था संक्रमित
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम को जिस संदिग्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वह चेन्नई में काम करता था और हाल ही में वहां से लौटा था। उसके लौटने के बाद जांच के लिए स्वाब लेकर उसे होम क्वारंटाइन किया गया था। कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि होते ही जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे लेकर टीएमएच पहुंची। टीएमएच में उसे कोविड-19 वार्ड में भर्ती कराया गया है।