जमशेदपुर के बोड़ाम में कार और बाइक में टक्कर, एक की मौत
जमशेदपुर से 15 किमी दूरी पर बोड़ाम थाना क्षेत्र हलुदबनी के पास रविवार दोपहर कार और बाइक के बीच हुई सीधी टक्कर में बाइक सवार राजेश माहली की मौत हो गई जबकि कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता : जमशेदपुर से 15 किमी दूरी पर बोड़ाम थाना क्षेत्र हलुदबनी के पास रविवार दोपहर कार और बाइक के बीच हुई सीधी टक्कर में बाइक सवार राजेश माहली की मौत हो गई, जबकि कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में कार सवार महिला समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद आस-पास क्षेत्र के ग्रामीण एकत्र हुए। कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
मृतक बोड़ाम थाना क्षेत्र का निवासी था। वह बोड़ाम से जमशेदपुर के मानगो की ओर आ रहा था। कार ने उसे चपेट में ले लिया। कार सवार जमशेदपुर से धनबाद की ओर जा रहा था। कार सवार घायलों को हल्की चोटें आई हैं। सभी को स्थानीय नर्सिंग होम में दाखिल कराया गया है। घायलों से पुलिस पूछताछ नहीं कर पाई है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
बाइक सवार की मौत की जानकारी पर उसके स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया हलुदबनी के पास हमेशा दुर्घटना होती है। बोड़ाम थाना के प्रभारी ने बताया कार काफी तेज गति में थी। शहर और इससे सटे आस-पास हुए 48 घंटे में चार लोगों की सड़क दुर्घटना में असमय मौत हो गई। शनिवार को चांडिल के शहरबेड़ा में साकची बाराद्वारी के युवक गुंजन कुमार और बर्मामाइंस में भारी वाहन की चपेट में आने से जुगसलाई महतो पाड़ा रोड निवासी बापी महतो की मौत हो गई थी। घाटशिला के मुसाबनी में रविवार को हुई दुर्घटना में सेवानिवृत शिक्षक की मौत हो गई।