मारुति के धक्के से बाइक सवार चाचा की मौके पर मौत, भतीजा घायल
चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर बाईहातु गांव के पास अनियंत्रित तेज रफ्तार मारुति कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इससे एक व्यक्ति की मौत हो गई।
चाईबासा, जासं। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर बाईहातु गांव के पास अनियंत्रित तेज रफ्तार मारुति कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर पीछे बैठे 40 वर्षीय जय सिंह सुंडी के ऊपर से मारुति कार का पहिया गुजर जाने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 20 वर्षीय भतीजा डेबरा सुंडी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सीका गांव का रहनेवाला है। घायल भतीजा भी उसी गांव का है।
घटना बुधवार दोपहर 3.30 बजे की बतायी गयी है। घटना को अंजाम देने के बाद मारुति तेजी से चाईबासा की ओर भाग निकली। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एक घंटे तक सड़क जाम कर दिया। इसकी सूचना पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी आशुतोष कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर एक घंटे बाद जाम हटाया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
दादी को छोड़कर लौट रहा था घर
घटना के संबंध में बताया गया कि डेबरा सुंडी अपने चाचा जयसिंह सुंडी के साथ चचेरी दादी को लेकर करलाजुड़ी गांव गया था। जहां पर दादी को छोड़ने के बाद भतीजा चाचा के साथ बाइक पर सीका गांव वापस लौट रहे थे। इस क्रम में बाईहातु गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित मारुति कार ने बाइक सवार चाचा- भतीजा को धक्का मार दी।