Move to Jagran APP

मां काली की पूजा कर प्रचार को निकले विद्युत

बिष्टुपुर के साउथ पार्क में सी रोड स्थित सांसद विद्युतवरण महतो का आवास। गुरुवार की सुबह सात बजे यहां चहल-पहल थी।

By JagranEdited By: Published: Fri, 10 May 2019 07:24 AM (IST)Updated: Fri, 10 May 2019 07:24 AM (IST)
मां काली की पूजा कर प्रचार को निकले विद्युत
मां काली की पूजा कर प्रचार को निकले विद्युत

मुजतबा हैदर रिजवी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर के साउथ पार्क में सी रोड स्थित सांसद विद्युतवरण महतो का आवास। गुरुवार की सुबह सात बजे यहां चहल-पहल थी। जमशेदपुर संसदीय सीट से भाजपा उम्मीदवार सांसद विद्युत वरण महतो स्नान के बाद मां काली और मंशा देवी की पूजा कर रहे थे। कुछ भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठे सांसद का इंतजार कर रहे थे। सांसद ने पूजा-पाठ कर नाश्ता करने के बाद बाहरी हाल में बैठ कर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से बात करते हुए अखबार का जायजा लिया। वो अमूमन छह बजे तक सो कर उठते हैं लेकिन, गुरुवार को मानगो में पार्टी की बाइक रैली में शामिल होने के लिए उन्हें सुबह पांच बजे ही उठना पड़ा। विद्युत वरण ने एक-एक कर सभी अखबार देखा। इसके बाद उनका काफिला मानगो के लिए निकल पड़ा।

loksabha election banner

विद्युतवरण महतो आठ बजे मानगो चौक पहुंचे। यहां उनका जोर-शोर से स्वागत हुआ। भाजयूमो के विकास सिंह से सांसद ने चुनाव का हाल लिया। कार्यकताओं ने सांसद को माला पहनाई। सांसद ने खुदीराम बोस की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। नीचे उतरे तो उन्हें अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाने की होड़ लग गई। ये है बाइक, ये है बाइक। विद्युतवरण मुस्कुराते हुए एक बुलेट पर जा बैठे। एक नेता मानगो मंडल अध्यक्ष रमेश साव की तरफ देख कर चिल्लाए- अरे आपकी बुलटिया कहां है। रमेश साव अपनी बुलेट की तरफ इशारा कर बोले हां तैयार है। विद्युतवरण महतो इस गाड़ी से उतर कर रमेश साव की बुलेट पर बैठ गए। तभी विजय तिवारी आए और रमेश साव से बोले- क्या है भैया। रूट पहले से तय है। तभी सांसद प्रतिनिधि संजीव पहुंचे और कुछ इशारा किया। तब सांसद रमेश साव की बुलेट से उतर कर विजय तिवारी की बुलेट पर बैठ गए। सांसद का बैठना था कि विजय तिवारी ने अपने 15-20 साथियों के साथ बाइक रैली को आगे बढ़ा दिया। इधर, मंडल अध्यक्ष रमेश साव की बुलेट से सांसद के उतरने से कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। भाजयूमो के विकास सिंह और मानगो मंडल के रमेश साव समेत कई अन्य नेता नाराज हो गए। सांसद प्रतिनिधि संजीव भी रुक गए और सबको मनाया। मानगो हनुमान मंदिर से सांसद रमेश साव की बुलेट पर बैठे और रैली आगे बढ़ी। जिस इलाके में रैली पहुंचती चालक बदल जाते। हालांकि चालक बिना हेलमेट बाइक चला रहे थे। रैली ओल्ड पुरुलिया रोड कुंवरबस्ती, दाईगुट्टू और हनुमान मंदिर होते हुए उलीडीह पहुंची। यहां से रैली कालिका नगर, डिमना बस्ती और हिलव्यू कॉलोनी होते हुए एनएच पर पहुंची। यहां उलीडीह मंडल कार्यालय में सांसद ने मंडल अध्यक्ष से इलाके का हाल लिया। अमरेंद्र पासवान और संतोष भगत ने बताया कि इधर सब ठीक है। सांसद ने कहा खूब वोटिंग कराओ। यहां से रैली निकली तो बालीगुमा बागान एरिया और शंकोसाई होते हुए मानगो मंडल कार्यालय पहुंची। यहां सांसद ने रमेश साव से कहा ज्यादा से ज्यादा वोटर निकलने चाहिए। मून सिटी, संजय पथ, सुभाष कॉलोनी, पोस्ट आफिस रोड होते हुए मानगो चौक पर सवा 11 बजे खत्म हुई। इसके बाद सांसद विद्युतवरण महतो पटमदा निकल गए। यहां वो डेढ़ बजे काटिन में रुके। यहां कमलपुर के नेता संदीप मिश्रा, कृपा सिंधु महतो और पटमदा के मंटूचरण दत्ता और पोसेफ दत्ता इंतजार कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने सांसद का स्वागत किया। इसके बाद सांसद पैदल ही गांव में आ गए। यहां सांसद ने जनसंपर्क किया और उनके साथ चल रहे नेताओं ने लोगों को 12 मई को भाजपा को वोट देने को कहा। सांसद ने जोड़ीसा गांव में भी जनसंपर्क किया।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.