दो दिसंबर को टाटा मोटर्स में स्थायी होंगे 106 बाई सिक्स, एक जनवरी 2021 से शेष 110 भी हो जाएंगे परमानेंट Jamshedpur News
पहले दिन ट्रेनिंग डिवीजन में इन सभी को सुरक्षा व काम से संबंधित जानकारी दी जाएगी। पूरे दिन टाटा मोटर्स की कार्यशैली संस्कृति व सुरक्षा मापदंड के बारे में जानकारी मिलेगी। 106 का स्थायीकरण के बाद वहीं शेष 110 को अगले साल की शुरूआत जनवरी-2021 में स्थायी होगा।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। टाटा मोटर्स अस्थायी कर्मियों के लिए खुशखबरी है। दो दिसंबर से 106 अस्थायी कर्मचारियों को परमानेंट किया जाएगा। पहले दिन ट्रेनिंग डिवीजन में इन सभी को सुरक्षा व काम से संबंधित जानकारी दी जाएगी। पूरे दिन टाटा मोटर्स की कार्यशैली, संस्कृति व सुरक्षा मापदंड के बारे में जानकारी मिलेगी।
106 का स्थायीकरण के बाद वहीं शेष 110 को अगले साल की शुरूआत जनवरी-2021 में स्थायी होगा। इस पर पिछले माह हुए बोनस समझौते में ही मुहर लग गई है। बोनस के साथ 221 अस्थायी कर्मियों को स्थायी करने पर सहमति बनी थी। इनमें से पांच अस्थायी कर्मियों के कागजात उपलब्ध नहीं रहने कीवजह से मेडिकल नहीं हो पाया है, जो फिलहाल स्थायीकरण सूची में नहीं हैं।ऐसे में 216 का ही स्थायी होना है। एक दिसंबर को पहले दौर में 106 अस्थायी कर्मी को परमानेंट किया जाएगा। तथा एक जनवरी-2021 से शेष बाई सिक्स कर्मियों का स्थायीकरण किया जाएगा। पहले एक साल प्रोबेशन पीरिएड रहेगा। इससे पूर्व 2019 में बोनस के साथ 306 स्थायी कर्मियों का परमानेंट हुआ था। फिलहाल कंपनी में अस्थायी कर्मियों की संख्या 3500 रह जाएगी।
जारी है अस्थायी कर्मियों की मेडिकल जांच
स्थायीकरण सूची में शामिल अस्थायी कर्मचारियों की मेडिकल जांच पिछले 30 अक्टूबर से ही शुरू है । दिसंबर माह में भी स्थायी होने वाले शेष कर्मियों की मेडिकल जांच होगी। ये सभी बाई सिक्स कर्मी 2008-09 बैच के हैं। कंपनी के ई-आर विभाग द्वारा बाई सिक्स कर्मचारियों की वरीयता सूची के आधार पर टेल्को सेंट्रल इंप्लाइमेंट ब्यूरो (सीईबी) कार्यालय में कर्मचारियों के नाम, पर्सनल नंबर व मेडिकल तिथि के साथ चस्पाया गया है। मेडिकल जांच से एक दिन पूर्व कर्मचारीपुत्रों को अपने साथ पांच पासपोर्ट साइज फोटो के साथ, बैंक खाता का ब्यौरा, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की प्रति आदि कागजात लाना पड़ता है।