अब राज्यसभा चुनाव के बाद होगी भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा Jamshedpur News
Jamshedpur Politics.भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा पहले एक-दो दिन में करने की तैयारी थी अब वह टल गई है। कोल्हान के सभी जिलाध्यक्षों को बदलने की आहट के बाद कार्यकर्ता काफी आक्रोशित हैं।
जमशेदपुर, जासं। भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा पहले एक-दो दिन में करने की तैयारी थी, अब वह टल गई है। कोल्हान के सभी जिलाध्यक्षों को बदलने की आहट के बाद कार्यकर्ता काफी आक्रोशित हैं। दो दिन पहले जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिलकर विरोध जता चुके हैं।
उधर, कोल्हान भर के कार्यकर्ताओं ने विरोध के स्वर बुलंद कर दिए हैं, जिसकी आहट प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि अब राज्यसभा चुनाव तक जिलाध्यक्षों की घोषणा टाल दी गई है, क्योंकि विरोध की आग पूरे प्रदेश में फैल सकती है। कोल्हान के कई प्रमुख कार्यकर्ताओं ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के लिए सिर्फ जिलाध्यक्ष कैसे जिम्मेदार हो सकता है। अब तक प्रदेश कमेटी ने विधानसभावार हार की समीक्षा बैठक नहीं बुलाई है, तो कैसे तय कर लिया गया कि जिलाध्यक्ष जिम्मेदार है।
कार्यकर्ता दे रहे ये तर्क
उनका कहना है कि चुनाव की ठीक से समीक्षा हो जाए तो बड़े-बड़े चेहरों का नकाब उतर जाएगा। विधानसभा चुनाव में हारे हुए उम्मीदवारों ने प्रदेश व केंद्रीय नेतृत्व तक को लिखित जानकारी दी है कि उन्हें हराने के लिए बड़े-बड़े नेताओं ने कैसी-कैसी चाल चली। पार्टी में रहते हुए विरोधियों की किस तरह मदद की और अपने उम्मीदवारों के साथ कैसे भितरघात किया। बात खुलेगी तो दूर तक जाएगी।