घाटशिला में नहीं मिला इलाज, एमजीएम आने से पहले ही महिला ने तोड़ दिया दम Jamshedpur News
महिला की मौत के बाद कोरोना के संदेह में उसका नमूना लेकर शीतगृह में रखा गया। रिपोर्ट आने के बाद उसका दाह संस्कार हो सकेगा।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)! घाटशिला से जमशेदपुर स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाने के दौरान बुधवार को एक महिला मरीज की मौत हो गई।
इसके बाद कोरोना के संदेह में उसका नमूना लेकर शीतगृह में रखा गया। रिपोर्ट आने के बाद उसका दाह संस्कार हो सकेगा। मृतक घाटशिला के सादपुर गांव निवासी है। परिजनों ने बताया कि महिला की सांस अचानक से फूलने लगी। इसके बाद उसे घाटशिला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां इलाज की सुविधा नहीं होने की वजह से एमजीएम रेफर कर दिया गया।
यहां लाने के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि इलाज के अभाव में मौत हुई। अगर, घाटशिला में इलाज की सुविधा होती तो उसे जमशेदपुर नहीं लाना पड़ता।
जमशेदपुर अक्षेस के दो महिला कर्मचारी सड़क दुर्घटना में घायल
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की महिला कर्मचारी अनिता चौधरी एवं पुष्पा मसीह बुधवार को सड़क दुर्घटना में घायल हो गई। दोनों को टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला कर्मचारी अपनी स्कूटी से खाना खाने के लिए बारीडीह घर जा रही थी। तभी कालीमाटी रोड में विपरीत दिशा से रहे युवक ने उन्हें धक्का मार दिया। इससे दोनों सड़क पर गिर गई। दोनों महिला को गंभीर चोट आई है।