Covid 19 Jamshedpur News : एमजीएम में दूसरा कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद नौ डॉक्टर-नर्स हुए क्वारंटाइन Jamshedpur News
Covid 19 News. एमजीएम में दूसरा मरीज मिलने के बाद नौ डॉक्टर व नर्स क्वारंटाइन हो गए है। आइसोलेशन वार्ड को सैनिटाइज किया गया है। अब तीन दिन के बाद यहां मरीज भर्ती होंगे।
जमशेदपुर, जासं। Covid 19 Jamshedpur News चार दिन के बाद महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दूसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला। आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मरीज में कोरोना की पुष्टि होते ही उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया।
वहीं जिस वार्ड में पॉजिटिव मरीज भर्ती था, उसे खाली करा दिया गया। अन्य मरीजों को दूसरे वार्ड में भेजा गया। इसके बाद आइसोलेशन वार्ड को सैनिटाइज किया गया। तीन दिन के बाद उस रूम में दोबारा मरीज को भर्ती किया जा सकेगा। एमजीएम अस्पताल में पहला कोरोना मरीज 14 मई को मिला था। वह बारीडीह निवासी था और कोलकाता से लौटा था।
पॉजिटिव मरीज के रूम में भर्ती दो संदिग्ध को किया गया अलग
जिस वार्ड में कोरोना पॉजिटिव भर्ती था, उसके पास के एक रूम में दो और संदिग्ध मरीज भर्ती थे। इसे देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें अलग कर दिया है। आइसोलेशन वार्ड में क्षमता से अधिक 104 मरीज भर्ती हैं। जबकि बेड 96 है। किसी तरह आठ बेड बढ़ाकर मरीजों को रखा गया है।
इलाज करने वाले सभी डॉक्टर व नर्स हुए क्वारंटाइन
पॉजिटिव मरीज का इलाज करने वाले डॉक्टर, नर्स, टेक्नीशियन, सफाईकर्मी सहित नौ लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। चार-पांच दिनों के बाद इनका नमूना लिया जाएगा। उसके बाद रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, चार दिन पूर्व क्वारंटाइन किए गए डॉक्टर सहित 11 लोगों को निकाला जाएगा। ताकि इलाज में किसी तरह की परेशानी उत्पन्न नहीं हो।
जिले में कब-कब मिलें कोरोना पॉजिटिव
12 मई : चाकुलिया में दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। दोनों कोलकाता से आए थे।
14 मई : बारीडीह निवासी मिला कोरोना पॉजिटिव। कोलकाता से लौटा था।
15 मई : पटमदा निवासी मिला कोरोना पॉजिटिव। चेन्नई से लौटा है।
18 मई : सिदगोड़ा निवासी मिला कोरोना पॉजिटिव। मुंबई से लौटा है।