Netaji Subhash Chandra Bose Jayanti 2021 : नेताजी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करने को लगी रही होड़, सबों ने कहा जय हिंद
Netaji Subhash Chandra Bose Jayanti 2021.महान स्वतंत्रता सेनानी सह युवा दिलों की धड़कन नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर शहर में कई कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। साकची आमबगान में स्थापित नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने को लोगों की होड लगी रही।
जमशदेपुर, जासं। महान स्वतंत्रता सेनानी सह युवा दिलों की धड़कन नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर शहर में कई कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। साकची आमबगान में स्थापित नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने को लोगों की होड लगी रही। यहां विभिन्न दलों के नेताओं व सामाजिक संगठनों ने पहुंचकर नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान जय हिंद व वंदे मातरम के उद्घोष से पूरा आम बगान गूंजता रहा।
बंग भाषी समिति द्वारा नेताजी पर परिचर्चा का भी आयोजन किया गया। शहर के विभिन्न स्थानों में स्थापित नेताजी की प्रतिमा पर लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। जमशेदपर वीमेंस कालेज की छात्राओं ने इस अवसर पर रैली निकाली। डिमना रोड आरवीएस एकेडमी में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन बिंदा सिंह, उपप्राचार्या विशा मोहिंद्रा, सहित सभी शिक्षक, शिक्षिका वृंद सहित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थीगण उपस्थित थे।
पेंटिंग से दर्शायी जीवनी
सर्वप्रथम विद्यालय के चेयरमैन बिंदा सिंह ने नेताजी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया एवं श्रद्धासुमन अर्पित किया। तत्पश्चात कक्षा दसवीं की छात्रा श्रुति ने उनके जीवन दर्शन पर एक भाव विभोर करने वाला भाषण दिया। कक्षा 12वीं की छात्रा ईशा ने अपनी पेंटिंग के माध्यम से उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया। कक्षा 5 , 6 एवं 7 के बच्चों के बीच ऑनलाइन चित्रकारी प्रतियोगिता भी करवाई गई विषय था 'नेताजी सुभाष चंद्र बोस'।
वर्कर्स कॉलेज में भी कार्यक्रम
जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के एनएसएस इकाई की ओर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125 वीं जयंती वेबिनार के माध्यम से मनाई गई। इस वेबिनार का शुभारंभ प्राचार्य डॉ एसपी महालिक के अभिभाषण से शुरू हुआ। प्राचार्य ने अपने सारगर्भित भाषण पर उनके जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुष सदियों बाद जन्म लेते हैं। ऐसे महापुरुष की जन्म तो होती है परंतु वह कभी मरते नहीं। वह हर पल हर भारतीयों के दिल में मौजूद है। उनका यह कथन कि तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा हर भारतीयों के दिल और दिमाग में लिखा जा चुका है । प्रोफेसर प्रियंका महाजन एवं प्रोफेसर शिवानी गोराई (अंग्रेजी विभाग) ने भी अपने विचार रखे कई बातों पर उन्होंने उनके जीवन पर प्रकाश डाला। इस वेबिनार में कॉलेज के शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्र कुंदन कुमार झा ने भी अपने विचार रखें। यह आयोजन एनएसएस पदाधिकारी अरविंद कुमार की देखरेख में किया गया।