कुमारडुंगी में दो भतीजों ने अपने साथी के साथ पुरानी रंजिश के कारण गला रेतकर चाचा की कर दी हत्या
पश्चिम सिंहभूम जिले में भतीजों ने चाचा की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। पहले वृद्ध चाचा पर टांगी से हमला किया। जमीन पर गिरने के बाद उसपर भाला से गर्दन पर वार किया गया। उसके बाद भी जिन्दा देख गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया।
कुमारडुंगी, जागरण संवाददाता। पश्चिम सिंहभूम जिले में भतीजों ने चाचा की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। तीनों ने पहले वृद्ध चाचा पर टांगी से हमला किया। हमला से वृद्ध के जमीन पर गिरने के बाद उसपर भाला से गर्दन पर वार किया गया। उसके बाद भी वृद्ध चाचा को जिन्दा देख गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने का कारण डायन-बिसाही व जमीन विवाद बताया जा रहा है। घटना कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के जंगल से घिरे एक गांव की है। दोनों ने अपने चाचा को मारने के लिऐ बाहर से अपने एक साथी को बुलाया था।
मृतक 65 वर्षीय वृद्ध भोलानाथ पाठ पिंगुवा के सिर पर टांगी से हमला व भाला से गर्दन पर हमला करने के साथ ही गला रेतने की सत्यता सामने आई है। मृतक की पत्नी दासिकर पिगुंवा के बयानानुसार घर में चावल नहीं होने के कारण शनिवार को घर के आंगन में धान सुखाकर पति भोलानाथ पाठ पिगुंवा को देखने की बात कहकर खेत में काम करने चली गई। करीब तीन बजे गांव की एक आठ वर्षीय बच्ची दौड़कर खेत में पहुंची। वहां उसने खेत में काम कर रही दासिकर पिंगुवा को बताया कि उसके पति पर धान उठाने के क्रम में टांगी व भाला से हमला कर जान से मार दिया जा रहा है। यह सुनते ही साथ में काम कर रही औरत के साथ घर की ओर भागी। घर पहुंचने से देखा कि गांव के ही भतीजा पाण्डु हेस्सा, लाको हेस्सा व एक अन्य ने पति भोलानाथ की हत्या कर दी थी। घटनास्थल पहुंचकर चिल्लाने पर तीनों वहां से भाग गए। इसके बाद घटना की सूचना ग्रामीण मुंडा को दी गई। मुंडा ने घटनास्थल पहुंचकर घटना की सूचना कुमारडुंगी थाना को दी। कुमारडुंगी थाना प्रभारी अंकिता सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। रात होने के कारण शव को कब्जे में लेकर थाना ले आयी। दूसरे दिन रविवार को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया।
पुरानी रंजिश में की गयी हत्या
कुमारडुंगी थाना प्रभारी अंकिता सिंह ने बताया कि भोलानाथ हत्याकांड में मृतक की पत्नी दासिकर पिगुवा के फर्द बयान पर थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पत्नी के बयानानुसार हत्या का कारण पुरानी रंजिश लग रहा है। जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या का सही कारण पता चल जाएगा। साथ ही हत्यारोपी को भी गिरफ्तारी कर लिया जाएगा। मृतक भोलानाथ की पत्नी ने बताया कि उसका इकलौता पुत्र अरविन्द पाठ पिगुवा रोजगार की तलाश में गुजरात गया हुआ है। घर में अपने पति भोलानाथ के साथ दो लोग ही रहते थे। एक सप्ताह पहले जब मैं बाजार से आ रही थी तो गांव के भतीजे पाण्डु हेस्सा व लाको हेस्सा ने रास्ता रोककर जान से मारने का प्रयास किया था। हालांकि उस वक्त मैंने चिल्लाकर लोगों को इक्कठा कर अपनी जान बचा ली थी। उसने बताया कि पाण्डु हेस्सा व लाको हेस्सा दोनों सगे भाई हैं। दोनों मिलकर हमारी जमीन पर कब्जा करना चाह रहे थे। इस मामले में गांव स्तर पर मुंडा की अध्यक्षता में पहले भी बैठक कर सुलहनामा किया गया है। उसी की दुश्मनी को लेकर इस घटना के पूर्व भी पाण्डु हेस्सा व लाको हेस्सा ने मेरे पति पर हमला किया था।