चौका में भीड़ के सामने दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या
बताया जा रहा कि राजू महतो जिस नरसिंह इस्पात में काम कर रहा हैं। वहां उसकी जगह पर निर्मल महतो काम करता था।
जासं, जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे चांडिल अनुमंडल के चौका थाना क्षेत्र कांड्रा सड़क मार्ग पर ग्राम खूंटी पहाड़धार स्थित हुडिग होटल के निकट बाइक सवार दो अपराधियों ने रविवार शाम साढ़े पांच बजे राजमोहन महतो उर्फ राजू महतो पर उस समय ताबड़तोड़ फायरिग की। उस वक्त वो होटल की खटिया में अराम कर रहे थे। इसके बाद पिस्तौल लहराते अपराधी भाग निकले। जख्मी को टाटा मुख्य अस्पताल में ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भीड़ में सरेशाम गोली मार हत्या किए जाने की घटना से दहशत का माहौल है। घटनास्थल और म़ृतक का घर 500 मीटर की दूरी पर है।
राजू महतो चौका दुलमी के साप्ताहिक हाट गए थे। हाट से सब्जी, मास-मछली लेकर घर आया तथा घर में सामान रख कर वापस हुडिग होटल में गए थे। होटल में पल्सर बाइक से दो अपराधी आए और राजू पर अंधाधुंध फायरिग की। राजू महतो को छाती और आस-पास चार गोली लगी। वहीं फायरिग की आवाज सुन वहां आस-पास एकत्र लोग होटल की ओर दौड़े। मौके पर पुलिस पहुंची। जहां से कारतूस के पांच खोखे बरामद किए।
इधर, मृतक के पिता ठाकुर दास महतो ने बताया कि उनके बेटे पर अपराधियों ने चार गोलियां फायरिग की। जिससे उसकी मौत मौके पर ही हो गई थी।
-----------
नरसिंह इस्पात कंपनी में ठेकेदार के अधीन काम करता था राजू
मृतक के पिता ने बताया बेटा चौका के नरसिंह इस्पात कंपनी में ठेकेदार के अधीन काम करता था और उसका किसी से कोई झगड़ा किया दुश्मनी भी नहीं थी। बताया बेटा घर से पांच बजे निकला गोली फायरिग की जानकारी पर वे घटनास्थल पर पहुंचे। बताया जा रहा कि राजू महतो जिस नरसिंह इस्पात में काम कर रहा हैं। वहां उसकी जगह पर निर्मल महतो काम करता था। दो साल से राजू महतो काम कर रहा था। घटना के बाद से स्वजनों का टाटा मुख्य अस्पताल में रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक को दो बेटी और एक बेटा है।