विधायक ने तामुकपाल पहुंच दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने का किया प्रयास
विधायक ने तामुकपाल पहुंच दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने का किया प्रयास
संवाद सहयोगी, घाटशिला : थाना क्षेत्र के तामुकपाल गांव में श्मशान भूमि जाने के रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद को सुलझाने का प्रयास सोमवार को विधायक रामदास सोरेन ने किया। श्मशान भूमि जाने के मार्ग को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद गांव के एक पक्ष ने साप्ताहिक हाट बाजार स्थल को देवभूमि कहते हुए बांस से घेराबंदी कर दी। घेराबंदी के कारण मैदान के किनारे घर बनाकर बसे तीन परिवार के लोगों के आगे बांस का घेरा बन जाने से दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। इस मामले पर सोमवार को विधायक ने तामुकपाल गांव पहुंच कर श्मशान भूमि स्थल व जाने के मार्ग की जानकारी ली है। विधायक के संग सीओ राजीव कुमार, बीडीओ कुमार एस अभिनव, थाना प्रभारी शंभु प्रसाद गुप्ता, सीआई भी उपस्थित रहे। सभी के उपस्थिति में वार्ता हुई। विधायक ने दोनों पक्षों के लोगो से बात की। कई घंटे मामले पर वार्ता चली। विधायक के कहने पर एक पक्ष ने नाथ संप्रदाय के लोगों को जिस मार्ग से वे कुछ दिन पहले शव श्मशान भूमि लेकर गए थे, उक्त मार्ग को शव ले जाने देने की बात पर हामी भरी। उसके बाद देवस्थल के भूमि के बगल से पांच फीट रास्ता निकालने का सुझाव विधायक ने दिया। ताकि तीन परिवार के लोगों को आवागमन में रास्ता मिल सके। जिसपर भी उक्त पक्ष ने अपनी सहमति दी। हालांकि नाथ संप्रदाय के लोगों द्वारा इस पर समाज के लोगों संग चर्चा कर विचार करने की बात कही। घंटों प्रयास के बाद भी दोनों पक्षों के बीच मामले पर आपसी सहमति नहीं बन सकी। विधायक ने दोनों पक्षों से कहा कि गांव का मामला है। इस पर दोनों पक्ष आपसी विचार विमर्श कर सुलह करें। किसी भी समस्या का समाधान आपसी चर्चा से ही होता है। श्मशान भूमि व मार्ग के लिए सामूहिक वनपट्टा हेतु आवेदन दे। ताकि हमेशा के लिए उक्त स्थल श्मशान भूमि के रूप में चिहित हो जाए। सभी पक्ष आपस में मिलकर गांव व समाज के विकास में अपना योगदान दे।