कोरोना संदिग्ध से भरा एमजीएम का आइसोलेशन वार्ड, 96 में 91 बेड फुल Jamshedpur News
अबतक आइसोलेशन वार्ड में मरीजों की यह सर्वाधिक संख्या है। पॉजिटिव मिले मरीज के रूम को किया गया सैनिटाइज आज से भर्ती होंगे मरीज।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड कोरोना संदिग्ध मरीजों से पट गया है। 96 बेड में से 91 बेड पर मरीज भर्ती है। सिर्फ पांच बेड ही खाली है।
अबतक आइसोलेशन वार्ड में मरीजों की यह सर्वाधिक संख्या है। मरीजों की बढ़ती संख्या से अस्पताल प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि अगर नये मरीज आते हैं तो उनको कहां भर्ती किया जाए, यह एक समस्या होगी। वहीं, जिस बेड पर कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती था, उसे शुक्रवार को भी सैनिटाइज किया गया। शनिवार से उस रूम में मरीज भर्ती हो सकेंगे। बीते गुरुवार को एमजीएम के आइसोलेशन वार्ड में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई थी।
आईसोलेशन वार्ड के आस-पास किसी को फटकने की इजाजत नहीं
आइसोलेशन वार्ड के आस-पास किसी को आने-जाने की इजाजत नहीं है। गेट पर दो सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। ताकि अंदर से न तो कोई मरीज बाहर निकल सके और न ही बाहरी व्यक्ति अंदर प्रवेश कर सके। इसपर सख्ती से निगरानी हो रही है। बीते गुरुवार को अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई थी। कोरोना पॉजिटिव मरीज के ससुर उसे खाना पहुंचाने जाता था। सभी मरीजों को अस्पताल का ही खाना अनिवार्य कर दिया गया है।