New MV Act : सुबह सात बजे खुला डीटीओ ऑफिस का काउंटर, 807 लोगों का बना लाइसेंस Jamshedpur News
केवल पूर्वी सिंहभूम जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन ने ही सुबह सात से शाम सात बजे तक सभी काउंटर खोलने का अति महत्वपूर्ण निर्णय लिया।
जमशेदपुर, जासं। संशोधित मोटर यान अधिनियम-2019 लागू होने के बाद शुरू हुए सघन वाहन चेकिंग अभियान के कारण लोगों में बढ़ी परेशानी को देखते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी कार्यालय ने बहुत ही महत्वपूर्ण निर्णय लिया।
शनिवार को ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए सुबह सात बजे ही जिला परिवहन पदाधिकारी कार्यालय खुल गया है और इसके साथ ही केवल लाइसेंस निर्गत करने के लिए एक साथ चार काउंटर खोल दिए गए। इससे सुबह लगभग सात बजे से ही लाइसेंस बनवाने के लिए लंबी लाइन लगाकर खड़े लोगों को बड़ी राहत मिली। सुबह सात बजे से लेकर शाम को सात बजे तक कुल 807 लोगों के लाइसेंस बनाए गए। इनमें 310 लोगों के लाइसेंस का नवीनीकरण हुआ। 395 लोगों का लर्निग लाइसेंस बना और 102 लोगों का नया लाइसेंस निर्गत किया गया।
भीड़ कम होने तक चलेगी व्यवस्था
लाइसेंस निर्गत करने के लिए खोले गए सभी काउंटरों की मॉनीट¨रग कर रहे जिला परिवहन पदाधिकारी कार्यालय के वरीय सहायक रजनीश कुमार ने बताया कि यह व्यवस्था तब तक चलेगी जब तक लाइसेंस बनाने वालों की भीड़ कम नहीं होती। उन्होंने बताया कि इस बार रविवार और विश्वकर्मा पूजा के दिन मंगलवार को ऑफिस बंद रहेगा। बाकी दिन हर रोज लाइसेंस बनाने वाले काउंटर सुबह सात बजे खोल दिए जाएंगे।
सिर्फ जमशेदपुर में ऐसी व्यवस्था
यहां उल्लेखनीय है कि झारखंड के सभी जिलों में लाइसेंस बनवाने के लिए डीटीओ ऑफिस में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है, लेकिन आम आदमी की परेशानी को समझते हुए पूरे राज्य में केवल पूर्वी सिंहभूम जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन ने ही सुबह सात से शाम सात बजे तक सभी काउंटर खोलने का अति महत्वपूर्ण निर्णय लिया।