अटलजी की मासिक पुण्यतिथि पर काव्याजलि कराएगी भाजपा
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मासिक पुण्यतिथि पर भारतीय ज
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मासिक पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी महानगर कमेटी 16 सितंबर को काव्याजलि आयोजित करवाएगी। यह कार्यक्रम हर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर होगा। इनमें अटलजी की आवाज में रिकॉर्ड की गई कविताओं का पाठ होगा। ये कविताएं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा 17 से 25 सितंबर तक सेवा सप्ताह का आयोजन भी करेगी।
शनिवार को महानगर प्रवक्ता अंकित आनंद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। कहा कि अटल जी की स्मृतियों को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी की सभी इकाइया अटल जी को काव्याजलि अर्पित करेंगी। इस दौरान कवि सम्मेलन भी होंगे। इनमें कवियों द्वारा अटलजी पर लिखी गई कविताओं का भी पाठ किया जाएगा। स्थानीय साहित्यकार, बुद्धजीवी वर्ग और कवियों को भी कविता पाठ करने हेतु आमंत्रित किया जाएगा।
भाजपा हर साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा कार्यक्रम का आयोजन करती है। लेकिन इस वर्ष पूरा सप्ताह अटल जी की स्मृति में सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। यह काव्याजलि के बाद कार्याजंलि होगी। इस दौरान महानगर भाजपा के सभी मंडलों में प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य शिविरों और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा। सेवा सप्ताह के क्रम में भाजपा कार्यकर्ता जनसंपर्क करते हुए मोदी सरकार की महत्वकाक्षी योजना और विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत अभियान के बारे में जागरूकता भी फैलाएंगे। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व तथा प्रदेश संगठन के निर्देशों के आलोक में महानगर भाजपा के सभी मंडलों को कार्यक्रमों की सूचनाएं प्रेषित कर दी गई है। जल्द ही महानगर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जिला पदाधिकारियों और सभी मंडलाध्यक्षों संग जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार की बैठक होगी जिसमें कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की रूपरेखा निर्धारित की जाएगी।