जमशेदपुर में आठ सितंबर से पाइपलाइन से होगी रसोई गैस सप्लाई Jamshedpur News
जमशेदपुर में आठ सितंबर से पाइपलाइन से रसोई गैस सप्लाई होगी। सोनारी के आशियाना अपार्टमेंट से इसकी शुरुआत होगी।
जमशेदपुर, जासं। घरों में रसोई गैस सप्लाई आठ सितंबर से शुरू होने जा रही है। सोनारी में आशियाना अपार्टमेंट के 15 फ्लैट में आठ सितंबर से इसकी शुरुआत हो जाएगी। गेल (गैस अथारिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इसका उद्घाटन पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री रघुवर दास के करने कर सकते हैं।
गेल ने जमशेदपुर में मार्च 2018 से पाइपलाइन से घर-घर रसोई गैस की सप्लाई शुरू करने का एलान किया था। लेकिन, आधारभूत संरचना को धरातल पर उतारने के लिए उन्हें भूखंड मिलने में देर के चलते ये योजना लटकी हुई थी। अब गेल सितंबर से सोनारी के आशियाना अपार्टमेंट से योजना की शुरुआत कर रहा है। यहां गेल का सेटअप तैयार हो चुका है। 15 घरों में कनेक्शन दिया जा चुका है। फिलहाल सितंबर के पहले हफ्ते में इन फ्लैट में सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। महीने भर के अंदर यहां के सभी फ्लैट में गैस की सप्लाई दी जाएगी। आशियाना में सप्लाई शुरू करने के लिए गेल ने सोनारी में ट्राइबल कल्चर सेंटर के करीब एक डीसीयू (डिकंप्रेशन यूनिट) तैयार की है।
पटना से सोनारी आएगा गैस का कास्केड
गेल अभी पटना से पीएनजी के कास्केड वाहन से सोनारी की डीसीयू में लाए जाएंगे। यहां गैस का कंप्रेशन कम करने के बाद पाइपलाइन से आशियाना तक रसोई गैस सप्लाई होगी। जमशेदपुर के लिए गैस कास्केड लेकर गेल के दो बड़े वाहन पटना पहुंच चुके हैं।
अगले साल तक 25 हजार घरों में आपूर्ति
गेल के अधिकारियों का कहना है कि अगले साल के अंत तक शहर में 25 हजार घरों में पाइपलाइन से रसोई गैस सप्लाई का लक्ष्य है। इसके लिए आधारभूत संरचना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू है। दोमुहानी में गैस गेदङ्क्षरग स्टेशन और मानगो, जुगसलाई, साकची, टेल्को, शास्त्रीनगर आदि शहर के विभिन्न स्थानों में 10 डीआरएस (डिकंप्रेस्ड रेगुलेटिंग स्टेशन) बनाए जाने हैं। गेदङ्क्षरग स्टेशन के लिए जमीन मिल गई है। डीआरएस के लिए जमीन की तलाश चल रही है। मानगो में पाइपलाइन बिछाने का काम तकरीबन पूरा हो चुका है। शहर के बाकी हिस्से में पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू होगा। आधारभूत संरचना तैयार होने के बाद ही बस्तियों के घरों में गैस सप्लाई का कनेक्शन दिया जाएगा।
बंगाल सरकार की वजह से परियोजना लेट
गेल के अधिकारियों ने बताया कि जगदीशपुर-हल्दिया गैस पाइपलाइन से पश्चिम बंगाल होते हुए जमशेदपुर के लिए स्टील पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। बंगाल में 60 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने के लिए अनुमति मिलने में देर होने की वजह से परियोजना लेट हुई है। आसनसोल से जमशेदपुर के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हो चुका है।
ये कहते गेल के अधिकारी
सितंबर के पहले हफ्ते से सोनारी के आशियाना अपार्टमेंट में पाइपलाइन से गैस सप्लाई का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए उद्घाटन की तैयारी चल रही है।
-एसके पाल, डिप्टी जनरल मैनेजर सिटी गैस डिस्ट्रिब्यूशन गेल