सड़क पर अचेत पड़े मिले प्रेमी-प्रेमिका,अस्पताल में प्रेमिका की मौत Jamshedpur News
Love affair. धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के चतरो गांव के राजाबेड़ा सड़क पर प्रेमी- प्रेमिका अचेत अवस्था में पड़े मिले। दोनों ने जहर खा ली थी।
घाटशिला (पूर्वी सिंहभूम), जेएनएन।जमशेदपुर, जासं। पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला इलाके बहरागोड़ा स्थित बेल्डीह गांव निवासी बेबी मुंडा (19) ने रविवार को जहर खाकर जान दे दी। वहीं, उसके साथ में एक युवक भी बेहोशी की हालत में पाए गए हैं, जिसे महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वह धालभूमगढ़ स्थित चतरो गांव निवासी है। युवक का नाम संजय मुंडा (21) है।
रविवार की सुबह युवक अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक खेत में युवती के साथ बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ था। जब स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो दोनों को उठाकर पास के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने बेबी मुंडा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संजय मुंडा की स्थिति गंभीर बताते हुए उसे एमजीएम रेफर कर दिया। संजय के बड़े भाई दीपक मुंडा ने बताया कि शनिवार की शाम से ही संजय घर से निकला था। उसके बाद वापस घर नहीं लौटा था।
छह माह से दोनों के बीच था प्रेम प्रसंग
बेबी व संजय मुंडा के बीच बीते छह माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन स्वजन तैयार नहीं हो रहे थे। जिससे कारण दोनों ने यह गलत कदम उठाया। दीपक मुंडा ने बताया कि प्रेम प्रसंग की जानकारी दोनों पक्ष के लोगों को थी। लड़की वाले इसका विरोध कर रहे थे। बेबी ने इंटर तक की पढ़ाई की थी। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
इस तरह दोनों के बीच शुरू हुआ प्यार
संजय का मौसी घर बहरागोड़ा स्थित बेल्डीह गांव है। छह माह पूर्व संजय एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। तभी युवती से दोस्ती हुई और वह प्यार में बदल गई। इसके बाद संजय कई बार प्रेमिका से मिलने के लिए बहरागोड़ा जाते थे लेकिन युवती के स्वजन इसके खिलाफ में थे।