Live Coronavirus Jamshedpur : प्रवासियों संग कोल्हान में हो रही कोरोना की इंट्री, प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें; लोगों में भय
Live Coronavirus Jamshedpur.बड़े पैमाने पर प्रवासी छात्रों व श्रमिकों की घर वापसी मुसीबत का सबब बन रही है। प्रवासियों संग ही कोल्हान में कोरोना की इंट्री हो रही है।
जमशेदपुर, जेएनएन। Live Coronavirus Jamshedpur झारखंड के कोल्हान में बड़े पैमाने पर प्रवासी छात्रों व श्रमिकों की घर वापसी मुसीबत का सबब बन रही है। प्रवासियों संग ही कोल्हान में कोरोना की इंट्र्री्र हो रही है। एक के बाद एक तीनों जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में मिले कोरोना पॉजिटिव बाहर से ही आए लोग हैं। इस वजह से प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं वही आम लोगों में भय का आलम है।
पूर्वी सिंहभूम में अबतक छह जबकि पश्चिमी सिंहभूम में एक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कोरोना के संक्रमण से अछूता चल रहे सरायकेला-खरसावां जिला में भी मंगलवार को कोरोना ने इंट्री ले ली। यहां एक कोरोना पॉजिटिव मिला। कोरोना पॉजिटिव युवक ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र का निवासी है और महाराष्ट्र के ठाणे से आया था। मंगलवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है। यह युवक 14 मई को सरायकेला आया था। उसे ईचागढ़ प्रखंड के अटर गांव मध्य विद्यालय में बने क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। 14 मई को वह 28 युवकों के साथ वापस आया था। किसी तरह सभी अपने गांव पहुंच गए थे। हालांकि, सकून की बात है कि उसके साथ आए अन्य युवकों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
पूर्वी सिंहभूम के सभी कारोना पॉजिटिव प्रवासी
पूर्वी सिंहभूम में अबतक मिले सभी कोरोना पॉजिटिव प्रवासी हैं और दूसरे शहरों से लौटे थे। किसी में शुरुआती में कोरोना संक्रमण के संकेत नहीं मिले थे और बाद में कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सबसे पहले चाकुलिया में मिले दो कोरोना पॉजिटिव पश्चिम बंगाल के कोलकाता से आए थे। उनको सामान्य पाए जाने पर होम क्वारंटाइन कर दिया गया था। बाद में जब जांच रिपोर्ट आई तो दोनों कोरोना पॉजिटिव निकले। कोरोना के संक्रमण से महफूज चल रहे कोल्हान में कोरोना की इंटी का यह पहला मामला आया था। इसके बाद 14 मई को मिला पूर्वी सिंहभूम का तीसरा कोरोना पॅाजिटिव भी कोलकाता से ही शहर आया था। वह बारीडीह का रहनेवाला है। उसके कोरोना संक्रमित पाए जाने पर शहर में खलबली मच गई। खासकर बारीडीह इलाके के लोग परेशान हो उठे। यह गनीमत रही कि कोलकाता से आया युवक अपने घर नहीं गया था। उसे रास्ते से ही एमजीएम केआइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया था।
चेन्नई से आया था पटमदा का युवक
15 मई को कोरोना पॉजिटिव मिला पटमदा का युवक चेन्नई से जबकि 18 मई को कोरोना पॉजिटिव मिला सिदगोड़ा निवासी मुंबई से लौटा है। 19 मई को मिला कोरोना पॉजिटिव नई दिल्ली से आया था। नई दिल्ली से राजधानी एक्सप्रेस से 15 मई को जमशेदपुर आने के बाद जरूरी जांच पड़ताल कर उस व्यक्ति को संस्थागत क्वॉरंटाइन में भेज दिया गया था वहां जांच के बाद 19 मई को आई रिपोर्ट में व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया। जबकि पश्चिमी सिंहभूम में संक्रमित पाया गया व्यक्ति चेन्नई से लौटा था।